पाली। 22 सितम्बर से शारदी नवरात्रि प्रारंभ हो रही है। धार्मिक आस्था का केंद्र मां महिषासुर मर्दिनी देवी मंदिर चैतुरगढ़ में हजारों मनोकामना के ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाते हैं और नवरात्रि के नौ दिनों तक महोत्सव जैसा माहौल होता है। यह स्थल प्रदेश के प्रमुख शक्ति स्थलों में से एक माना जाता है। इस आस्था के केंद्र में धार्मिक एवं जनकल्याण ट्रस्ट नवरात्रि पर्व की तैयारी देखरेख और व्यवस्था में जुटा हुआ है। यहां घृत रू. 2500 तेल रू. 700 और जवारा 200 रुपए निर्धारित किया गया है। धार्मिक एवं पर्यटन स्थल होने के कारण वर्ष भर श्रद्धालु और पर्यटक यहां आते हैं। यही कारण है कि जिले ही नहीं, वरन् पूरे प्रदेश से माता के भक्त अपनी मनोकामना को लेकर माता के द्वार पहुंचते हैं, जो मनोकामना ज्योति कलश के रूप में प्रकट होता है। यहां इस वर्ष 3000 से अधिक मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित होने का अनुमान है। पूजा हवन यज्ञ के लिए यज्ञशाला को सजाया संवारा गया है। वहीं 10 दिन तक भंडारा में महाप्रसाद का वितरण होगा।

