रायपुर , एजेंसी। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉक्टर सलीम राज को पाकिस्तान से धमकी मिली है। सलीम ने आजाद चौक थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की है। बताया जा रहा है कि, यह धमकी फोन के माध्यम से मिली है। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, डॉ. सलीम राज ने मौखिक निर्देश में कहा था कि, छत्तीसगढ़ की मस्जिदों में जुमे की नमाज (शुक्रवार की नमाज) के बाद होने वाली तकरीर (बातचीत) के टॉपिक के लिए वक्फ बोर्ड की इजाजत लेनी होगी।
टॉपिक विवादित ना हो, इसलिए छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के सदस्यों ने यह फैसला लिया है। मुतवल्ली (मस्जिद की संपत्ति का प्रबंध करने वाला) इस नियम का पालन नहीं करेगा, उसके खिलाफ लीगल एक्शन लिया जाएगा।

डॉक्टर सलीम राज ने आजाद चौक थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की है।
धमकी मिली कि, तुमको 6 इंच छोटा कर देंगे
डॉक्टर सलीम राज ने दैनिक भास्कर को बताया कि वफ्फ बोर्ड के मुतवल्ली को लेकर दिए फैसले के बाद ओवैसी और हुर्रियत कांफ्रेंस ने बयान जारी किया था। जिसके बाद से मुझे पाकिस्तान अफ़गानिस्तान केरल से फोन आ रहे है। जिसमें मुझे धमकी देते हुए कहा गया कि तुमको 6 इंच छोटा कर देंगे। ऊपर गर्दन से छोटा होना है या नीचे से बता दो।
आगे उन्होंने कहा कि मैं इस तरह की धमकियों से डरने वाला नहीं हूं। मैंने जो नियम बनाया हुआ देश हित के लिए और सर्वहित के लिए है। इस नियम में साफ है कि तकरीर के दौरान राजनीतिक भाषण न हो। जिससे सामाजिक सौहार्द्र और वातावरण बना रहे। हमारे फैसले के बाद 154 मुतवल्ली ने टॉपिक भेजा था जिसे हमने अप्रूव कर दिया है। जो वफ्फ बोर्ड को अवगत नहीं कराएंगे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।
सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने क्या कहा था
अब भाजपाई हमें बताएंगे की दीन क्या है? अब अपने दीन पर चलने के लिए इनसे इजाज़त लेनी होगी?
CM साय के मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा ने क्या कहा था
मियां वक्फ बोर्ड किसी सरकार के सीधे अधीन नहीं होता। वक्फ बोर्ड में अभी अधिकतर सदस्य कांग्रेस की ओर से नियुक्त किए गए हैं।
