DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पासपोर्ट ऑफिस को 12 बम से उड़ाने की धमकी:दफ्तर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर मेल आया, बम-डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिविल लाइन इलाके में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को ई-मेल के जरिए 12 बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा मेल कार्यालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा गया। मेल मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

धमकी सीधे दफ्तर की आधिकारिक मेल आईडी पर भेजी गई। मेल भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को तमिलनाडु का निवासी बताया है। मेल में कार्यालय परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने साइबर अपराध की धाराओं के तहत केस कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है।

बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की सघन जांच

सूचना के तुरंत बाद पुलिस टीम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। पूरे कार्यालय परिसर की बारीकी से तलाशी ली गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यालय को तत्काल खाली कराया गया। कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

करीब कई घंटों तक चली जांच के दौरान किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच टीम ने भवन के अंदरूनी हिस्सों, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के परिसर की भी जांच की।

साइबर सेल जुटी जांच में

पुलिस अब ई-मेल आईडी और आईपी एड्रेस के आधार पर धमकी भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। साइबर सेल की टीम तकनीकी विश्लेषण कर रही है ताकि मेल के स्रोत तक पहुंचा जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह शरारती तत्व की हरकत लग रही है, फिर भी हर पहलू पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version