DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रामायण पाठ में भजन गाने जा रहे 3 की मौत:तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर, एक ही गांव के रहने वाले थे

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे। हादसा डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर रविवार को हुआ। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मृतकों में ये शामिल

  1. हरिशंकर चौहान (40)
  2. मोहरदास बैरागी (55)
  3. शेतकुमार पटेल (62)

रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह ग्राम दर्री के हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। वे वहां गायन प्रस्तुति देने वाले थे।

बस ने बाइक को मारी टक्कर

इसी दौरान छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास रायपुर से डभरा की ओर जा रही मुस्कान यात्री बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइक से उछलकर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस बस ड्राइवर की भूमिका और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

एक साथ तीन मौतों से गांव में शोक

एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से दर्री और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। तीनों धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनके परिवारों की खुशियां छीन लीं।

Exit mobile version