DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जूता-टोपी उतारकर टीआई ने धीरेंद्र शास्त्री के छूए पैर:सरकारी विमान से कथा करने छत्तीसगढ़ पहुंचे बागेश्वर बाबा, साथ दिखे मंत्री खुशवंत साहेब, छिड़ा विवाद

रायपुर,एजेंसी। मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री उर्फ बाबा बागेश्वर सरकारी विमान से रायपुर पहुंचे। इस दौरान माना थाना प्रभारी मनीष तिवारी ने जूता और टोपी उतारकर बाबा के पैर छुए। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कोई पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग कर रहा है तो कोई पैर छूने को सही बता रहा है। इस मामले में रायपुर SSP डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मी पूरी वर्दी में नहीं था। उसने टोपी और जूते उतार दिए थे। फिलहाल, पुलिसकर्मी पर कोई एक्शन नहीं लिया गया है।

इसके अलावा बाबा बागेश्वर छत्तीसगढ़ सरकार के शासकीय विमान से रायपुर पहुंचे, जहां से वे भिलाई रवाना हुए। धीरेंद्र शास्त्री को सरकारी विमान की सुविधा मिलने पर सोशल मीडिया लोग सवाल उठा रहे हैं। बताया जा रहा है कि, उन्हें लाने के लिए प्रदेश सरकार के एक मंत्री पहले उसी सरकारी विमान से सतना गए, फिर बाबा बागेश्वर को लेकर रायपुर आए।

वीडियो में विमान से तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब उतरते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल, भिलाई के जयंती स्टेडियम में कथावाचक पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा 25 दिसंबर से 29 दिसंबर तक होगी। जिसके लिए वो गुरुवार को रायपुर से भिलाई पहुंचे थे।

सरकारी विमान से पं. धीरेंद्र शास्त्री के साथ मंत्री गुरू खुशवंत साहेब उतरते हुए नजर आए।

पंडित धीरेंद्र शास्त्री को देख माना टीआई ने पहले अपने जूते उतारे।

इसके बाद टोपी उतारकर बाबा बागेश्वर के पैर छूने आगे बढ़े।

माना टीआई का पंडित धीरेंद्र शास्त्री के पैर छूने का वीडियो वायरल हो रहा है।

निजी धार्मिक कार्यक्रम के लिए सरकारी विमान?

लोगों का कहना है कि धीरेंद्र शास्त्री एक कथावाचक हैं और किसी भी संवैधानिक पद पर नहीं हैं। ऐसे में निजी धार्मिक आयोजन के लिए सरकारी विमान का उपयोग नियमों के खिलाफ है। सोशल मीडिया पर इसे सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का मामला बताया जा रहा है।

पुलिसकर्मी के आचरण पर भी सवाल

विवाद यहीं नहीं थमा। रायपुर के स्टेट हैंगर से सामने आए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी जूते उतारकर बाबा बागेश्वर के पैर छूता है। वीडियो वायरल होने के बाद इस पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं।

लोगों ने पुलिसकर्मी के इस व्यवहार को पुलिस की गरिमा और सेवा नियमों के खिलाफ बताया है। सोशल मीडिया पर निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।

SSP बोले- पूरी वर्दी में नहीं था पुलिसकर्मी

दैनिक भास्कर डिजिटल ने इस विषय पर रायपुर SSP डॉ लाल उम्मेद सिंह से बात की। SSP ने कहा कि पुलिसकर्मी पैर छूने के दौरान पूरी वर्दी में नहीं था। उसने अपनी कैप और शूज उतारा हुआ था। प्रारंभिक जांच में नियमों का उल्लंघन नहीं दिख रहा है। फिलहाल, पुलिसकर्मी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

सोशल मीडिया पर बहस तेज

सरकारी विमान के इस्तेमाल और पुलिसकर्मी के आचरण दोनों ही मामलों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या सरकारी पद और वर्दी का इस्तेमाल इस तरह निजी धार्मिक आयोजनों के लिए किया जाना उचित है?

दूसरे दिन की कथा के बाद मुंबई रवाना हुए धीरेंद्र शास्त्री

इस विवाद बीच बताया जा रहा है कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री भिलाई में आयोजित कथा के दूसरे दिन कथा समाप्ति के बाद मुंबई के लिए रवाना हो गए। जानकारी के मुताबिक वे कल यानी शनिवार को कथा के समय से पहले भिलाई लौट आएंगे। भिलाई में 25 से 29 दिसंबर तक कथा का आयोजन होना है।

Exit mobile version