DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

1st रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने का समय बदला:ट्रेन छूटने के 8 घंटे पहले जारी होगा, इमरजेंसी कोटा में 1 दिन पहले देना होगा आवेदन

रायपुर,एजेंसी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने ट्रेनों के फर्स्ट रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने के समय में बदलाव किया है। अब ट्रेन छूटने के 8 घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट तैयार किया जाएगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल (SECR) ने आपातकालीन कोटा (Emergency Quota – EQ) के लिए आवेदन करने की समय सीमा भी बदल दी है।

EQ के लिए अब यात्रियों को पहले से आवेदन देना अनिवार्य होगा। अब यात्रियों को EQ में टिकट बुक कराने औसतन 16 से 17 घंटे यानी ट्रेन छूटने के एक दिन पहले ही रिक्वेस्ट डालनी होगी। रेल प्रशासन ने बताया कि 14 जुलाई 2025 से नया नियम लागू हो जाएगा।

अब समझिए फर्स्ट रिजर्वेशन लिस्ट क्या होता है

रेल यात्रा में जब आप टिकट बुक करते हैं तो शुरुआत में कई बार आपको ‘RAC’, ‘WL’ (Waiting List) या ‘CNF’ जैसी स्थिति दिखती है। लेकिन ट्रेन चलने से कुछ समय पहले रेलवे एक ‘चार्ट’ बनाता है, जिसमें यह तय होता है कि किस यात्री को कौन-सी सीट मिली है।

इसी को पहला आरक्षण चार्ट कहा जाता है। ये वो लिस्ट होती है जो ट्रेन के चलने से पहले तैयार की जाती है, जिसमें यह लिखा होता है कि कौन-से यात्री को कौन-सी सीट या कोच में जगह मिली है।

पहले चार्ट में क्या होता है?

  • यात्री का नाम या टिकट नंबर
  • उम्र और जेंडर
  • यात्रा करने की तारीख और ट्रेन नंबर
  • कोच और सीट नंबर
  • टिकट की स्थिति (Confirm/RAC/Waiting)

कब बनता है पहला चार्ट?

  • पहले चार्ट को ट्रेन के चलने से 4 घंटे पहले तैयार किया जाता था।
  • अब नए नियमों के तहत (14 जुलाई 2025 से) यह चार्ट 8 घंटे पहले तैयार किया जाएगा।

इसका मतलब क्या होता है यात्रियों के लिए?

  • यह तय हो जाता है कि आपको सीट मिली है या नहीं।
  • अगर आपका टिकट वेटिंग था और आपको सीट मिल गई, तो वह चार्ट में दिखेगा।
  • अगर सीट नहीं मिली, तो आपका टिकट रद्द (Cancelled) हो सकता है और पैसा वापस मिल सकता है।

क्यों जरूरी है पहला चार्ट?

  • क्लियर जानकारी मिलती है कि कौन यात्रा कर रहा है।
  • आपातकालीन कोटा (EQ), VIP या स्पेशल कोटा के फैसले इसी से पहले किए जाते हैं।
  • इसके बाद खाली सीटों पर ‘Current Booking’ की सुविधा शुरू होती है।

दूसरा आरक्षण चार्ट क्या होता है ये भी समझिए

दूसरा चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से ठीक पहले बनता है। ये वो अंतिम सूची होती है, जिसे ट्रेन छूटने से लगभग 30 मिनट से 1 घंटे पहले तैयार किया जाता है। इसमें वो यात्री भी शामिल होते हैं। जिनकी टिकट पहले वेटिंग में थी लेकिन अब कन्फर्म हो गई। या जिन लोगों ने अंतिम समय (Current Booking) पर टिकट बुक किया हो।

दूसरा चार्ट कब बनता है?

  • ट्रेन छूटने से लगभग 30 मिनट पहले
  • यह चार्ट पूरी तरह फाइनल होता है, इसके बाद कोई बदलाव नहीं होता

दूसरा चार्ट क्यों जरूरी है?

  • अंतिम समय पर जो सीटें खाली हो जाती हैं (Due to Cancellation), उन्हें Allot करने के लिए
  • करंट टिकट बुक करने वालों को शामिल करने के लिए
  • TTE को ट्रेन में चढ़ने से पहले पूरी अपडेट लिस्ट देने के लिए

Exit mobile version