DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

तिरुपति जा रही टूरिस्ट बस पेड़ से टकराई…1 की मौत:जगदलपुर-रायपुर NH-30 पर हादसा, खिड़की तोड़कर यात्रियों ने बचाई जान, 40 यात्री थे सवार

जगदलपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ में जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे 30 पर गुरुवार (18 दिसंबर) की सुबह एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि ड्राइवर समेत 3 यात्री घायल हैं। घायलों में 1 महिला भी शामिल है। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जगदलपुर रेफर किया गया है। मामला भानपुरी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, टूरिस्ट बस दुर्ग से तिरुपति के लिए निकली थी। बस में दुर्ग-रायपुर के यात्री समेत करीब 30 से 40 दर्शनार्थी सवार थे। आज सुबह भानपुरी के नजदीक तारागांव के पास बस अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे से नीचे उतर गई और पेड़ से टकरा गई।

तारागांव के पास बस अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे से नीचे उतर गई और पेड़ से टकरा गई।

बस में सवार राजनांदगांव के तारकेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई।

राजनांदगांव के युवक की मौत

हादसा सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हुआ है। पेड़ से टक्कर इतनी जोर की थी कि एक युवक तारकेश्वर साहू (18) की मौके पर ही मौत हो गई। तारकेश्वर राजनांदगांव जिले का रहने वाला था। टूरिस्ट बस में वह सहायक के काम के लिए आया था। वहीं हादसे के बाद अन्य यात्री बस की खिड़की तोड़कर बाहर निकले।

मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल भिजवाया।

जगदलपुर-रायपुर NH-30 से नीचे उतरकर पेड़ से टकराई बस।

मौके पर पहुंची पुलिस

इस मार्ग से गुजर रहे लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे जवानों ने एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज जारी है। वहीं सभी यात्रियों को पुलिस वाहन में भानपुरी पुलिस थाना लाया गया है। जहां इनके आगे की व्यवस्था होने से पहले ठहरने का बंदोबस्त किया गया है।

Exit mobile version