गुवाहाटी, एजेंसी। असम के कामरूप में बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे में 50 पैसेंजर घायल हुए हैं। हालांकि रेलवे का कहना है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुताबिक, डिगारू स्टेशन पर ट्रेन को दूसरी लाइन पर लेने के दौरान लोको पायलट स्पीड कम नहीं कर सका, इससे ट्रेन डेड एंड पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई।
हादसे से पहले लोको पायलट बोले- कुछ काम नहीं कर रहा

45 सेकेंड के वीडियो में इंजन के लोको पायलट केबिन का अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है। इसमें कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले, स्विच और इंजन के उपकरण लगे हुए हैं। इसमें लोको पायलट कह रहे हैं- ‘कुछ भी काम नहीं कर रहा। सिग्नल रेड हैं। इमरजेंसी लगा हुआ है, काम नहीं कर रहा है। S-9 A-9 कुछ भी काम नहीं कर रहा है।’ S-9 A-9 ब्रेक सिस्टम के नाम हैं।
हादसे से जुड़ी फोटो…
पटरी से उतरने के बाद ट्रेन के 5 कोच दूसरे ट्रैक और आसपास की जमीन पर टिक गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, घायल यात्रियों को निकाला।
रेल दुर्घटना के बाद यात्री और आसपास के लोग काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर मौजूद रहे।
हादसे के बाद डैमेज हुए कोच खाली कराए गए, इन्हें हटाने के लिए मशीनरी बुलाई गई है।
इंजन कैब से ड्राइवर का वीडियो वायरल है, जिसमें ब्रेक नहीं लगने की बात कही जा रही है।
हादसे के बाद यात्रियों को दूसरी ट्रेन से भेजा गया
हादसे के बाद रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। यात्रियों के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था कर दी गई है।
