रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का अंतिम दौर रविवार से रायपुर में शुरू हो गया। रायपुर संभाग के सभी 74 ब्लॉक अध्यक्ष इस 3 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हो रहे हैं। शिविर 20 से 22 सितंबर तक चलेगा।
इस प्रशिक्षण के दौरान ब्लॉक अध्यक्षों को संगठन संचालन, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, चुनावी तैयारियों और पार्टी की रणनीति से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जाएगी। इसके लिए मास्टर ट्रेनरों की टीम ब्लॉक अध्यक्षों को प्रशिक्षण देगी।

चार संभागों में पहले ही हो चुका प्रशिक्षण
कांग्रेस की ओर से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। रायपुर संभाग से पहले बस्तर, दुर्ग, सरगुजा और बिलासपुर संभाग में प्रशिक्षण शिविर पूरे हो चुके हैं।
रायपुर संभाग का शिविर इस प्रशिक्षण अभियान का अंतिम चरण है। इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी शामिल होकर ब्लॉक अध्यक्षों को संगठन से जुड़े मुद्दों और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे। पार्टी का फोकस ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाने और आने वाले चुनावों के लिए जमीनी तैयारी बढ़ाने पर है।
