DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

डोंगानाला में प्रशिक्षण सह कार्यशाला:औषधीय पौधे लगाने की विधि एवं होने वाली आय से अवगत हुए किसान

कोरबा/पाली। क्षेत्रीय सह सुविधा केन्द्र, मध्य क्षेत्र, जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्व विद्यालय, राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड, आयुष मंत्रालय नई दिल्ली के तत्वावधान में एक दिवसीय औषधीय कार्यशाला का आयोजन कोरबा जिले के पाली ब्लाक अंतर्गत ग्राम डोंगानाला में सम्पन्न हुआ।

डॉ. ज्ञानेन्द्र तिवारी-समन्वयक, क्षेत्रीय सह सुविधा केन्द्र मध्य क्षेत्र एवं विभागाध्यक्ष-औषधीय एवं पादप बोर्ड, जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्व विद्यालय के परामर्श में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यशाला में कोरबा-पाली फार्मर्स प्रोडक्ट्स कम्पनी के डायरेक्टर एवं जिले के विकासशील किसान रामफल पटेल एवं मध्य भारत मनोहर जी उपस्थित रहे। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ द्वारा औषधीय वैज्ञानिक की उन्नत कृषिकरण तकनीक संरक्षण एवं अवलोकन कर व्यख्यान दिया गया। प्रतिभागियों को उन्नत तकनीक की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय सह सुविधा केन्द्र के सहायक परियोजना प्रबंधक (विपणन) पियुष वर्मा द्वारा विपणन में आने वाली समस्याओं और उनके समाधान के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. शैलेन्द्र कुमार परियोजना सलहाकार (तकनीकी) द्वारा किसानों को शतावर, अश्वगंधा, सर्पगंधा, कालमेहा की खेती से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां प्रदान की। प्रशिक्षण कार्यशाला में डॉ. शैलेन्द्र ठाकुर परियोजना सलाहकार (तकनीकी) द्वारा किसानों को औषधीय पौधों के संबंध में जानकारियां दी और आधुनिक पद्धति से अधिक उत्पादन और आय के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों को अश्वगंधा, शतावर सहित अन्य औषधीय पौधों का वितरण किया गया और रोपण की विधियां बतायी। कार्यक्रम के अंत में रामफल पटेल सभी का आभार जताया।

Exit mobile version