DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

घुरवा से सटा ट्रांसफार्मर, करंट से हादसे का खतरा

जांजगीर-चांपा/बिर्रा। जनपद पंचायत बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत गतवा में तालाब के नीचे 32 केवी का ट्रांसफार्मर घुरवा से सटा हुआ है। इसी से आधी बस्ती को बिजली मिलती है। ट्रांसफार्मर तक पहुंचने का रास्ता कीचड़ से भरा है। चारों ओर झाड़ियां हैं। घुरवा में हमेशा गंदगी रहती है। बरसात में हाल और बिगड़ जाता है। ग्रामीण जब डीओ बनाने ट्रांसफार्मर के पास जाते हैं तो करंट लगने का खतरा बना रहता है। कई बार युवाओं ने जान जोखिम में डालकर डीओ बनाया है। घुरवा की गंदगी और बदबू से लोग परेशान हैं। रास्ता इतना खराब है कि लोग वहां से गुजरना नहीं चाहते।

ग्रामीणों ने कई बार सरपंच भुवन साहू से शिकायत की। ट्रांसफार्मर के पास सीसी रोड बनाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई काम शुरू नहीं हुआ। सरपंच का कहना है कि राशि आने पर काम शुरू होगा। अभी उनके पास मूलभूत सुविधा के लिए फंड नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। लापरवाही का खामियाजा आम लोग भुगत रहे हैं।

Exit mobile version