कोरबा। कोरबा के मारुति क्लीन कोल बांधाखार पावर प्लांट में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हुआ। प्लांट की 300 मेगावाट यूनिट के पावर ट्रांसफार्मर में धमाके के साथ भीषण आग लग गई। इस घटना के बाद प्लांट में बिजली उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है। हालांकि, हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

यह घटना देर रात करीब 1:45 बजे हुई, जब बांधाखार स्थित पावर प्लांट के ट्रांसफार्मर में अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। ट्रांसफार्मर से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। प्लांट के सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत प्रबंधन और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी।
300 मेगावाट यूनिट के पावर ट्रांसफार्मर में धमाके के साथ भीषण आग
इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
आग बुझाने में 2 घंटे से ज्यादा का समय लगा
सूचना मिलने पर समूह के चाकाबूड़ा स्थित एसीबी प्लांट से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने में दो घंटे से अधिक का समय लगा, तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे से 300 मेगावाट यूनिट से बिजली उत्पादन बंद
हादसे के परिणामस्वरूप, प्लांट की 300 मेगावाट यूनिट से बिजली उत्पादन पूरी तरह बंद हो गया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, कंपनी की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्लांट में एक अन्य पावर ट्रांसफार्मर उपलब्ध है। सुधार कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही उत्पादन फिर से शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। एक तकनीकी टीम नुकसान का आकलन कर रही है, और हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। रात के समय कम कर्मचारियों की उपस्थिति के कारण इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
