DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कारगिल विजय दिवस पर तिरंगा यात्रा निकाली, शहीदों को नमन किया गया

कोरबा। कारगिल विजय दिवस का उत्सव शनिवार को स्कूलों में मनाया गया। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट स्कूल चैतमा के एनएसएस इकाई से जुड़े स्वयंसेवकों ने तिरंगा यात्रा निकाली। शिक्षकों व छात्रों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को नमन किया। छात्रों ने चित्रकला व रंगोली में देशभक्ति की गाथा उकेरी। साथ ही भाषण व गीतों में भारतीय सेना के शौर्य व पराक्रम को सामने रखा। चैतमा स्कूल से तिरंगा यात्रा शुरू हुई, यह क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहे से होकर गुजरी।

इस दौरान छात्रों ने देशभक्ति के नारे लगाए। लोगों को देश-प्रदेश व समाज के विकास में सहभागी बनने का संदेश दिया। स्कूल के प्राचार्य चंद्राणी सोम ने कहा कि भारतीय सेना के साथ ही देशवासियों के लिए भी 26 जुलाई का दिन एक गौरवपूर्ण अध्याय के रूप में जाना जाता है। इस दिन को कारगिल युद्ध में भारत ने जीत हासिल की। यह विजय दिवस भारत के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, पराक्रम और देशभक्ति को समर्पित है, जिन्होंने साल 1999 में पाकिस्तान की ओर से किए गए कारगिल युद्ध में भारत ने बहादुरी व वीरता से विजय हासिल की। एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी वीरेंद्र कुमार बंजारे ने कहा कि भारतीय सेना की कारगिल युद्ध में जीत ने देश को भी गौरवान्वित किया है।

देश की रक्षा के लिए सेना के कई अफसरों व जवानों ने अपनी शहादत दी। ये शूरवीर आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। कारगिल विजय दिवस देश की राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और निष्ठा का प्रतीक भी है। तिरंगा यात्रा में स्कूल के शिक्षक ब्यख्याता सुरेन्द्र सिंह नेटी, विंध्यराज, विजेता चतुर्वेदी, धनराज सिंह, नबीउल्ला सिद्दीकी, चंद्रमुखी साहू, मुरारीलाल धीवर समेत एनएसएस के स्वयंसेवक व छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

Exit mobile version