DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आया ट्रक ड्राइवर:कोरबा में मुड़ापार बाईपास पर देर रात हुई घटना, आरोपी वाहन चालक फरार

कोरबा। कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुड़ापार शारदा बिहार मोड़ के पास देर रात एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना लगभग रात 1 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

ट्रक ड्राइवर है मृतक

मृतक की पहचान एक ट्रक ड्राइवर के रूप में हुई है। उसके जेब से ट्रक की चाबी मिली है और दुर्घटनास्थल के पास ही एक ट्रक खड़ा था। पुलिस ने वाहन के आधार पर मालिक को घटना की जानकारी दी है। पुलिस को आशंका है कि मृतक उसी ट्रक का ड्राइवर था।

तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आया ट्रक ड्राइवर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक ड्राइवर अपनी गाड़ी खड़ी कर उतर रहा था, तभी किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

टीपी नगर से लेकर शारदा बिहार मोड़, अमरिया मोड़, रामनगर मोड़ और रेलवे कॉलोनी मोड़ तक कुल चार खतरनाक मोड़ पड़ते हैं। इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान गई है।

वार्ड नंबर 28 के पार्षद गोपाल कुर्रे ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी, क्योंकि यह आबादी वाला क्षेत्र है।

इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन शुरू करने से पहले ट्रक एसोसिएशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आशंका जताई थी कि इससे ट्रक चालकों और मालिकों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने किसी भी घटना या दुर्घटना की जिम्मेदारी जिला प्रशासन पर डाली थी।

Exit mobile version