सूरजपुर, एजेंसी। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नवापारा कला गांव में पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 मवेशियों से भरा ट्रक जब्त किया है। पुलिस को देखकर ट्रक में सवार तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस टीम नवापारा कला क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव के पास एक संदिग्ध ट्रक नजर आया। पुलिस ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को देखते ही उसमें सवार लोग वाहन से उतरकर फरार हो गए।

ट्रक में मिले 18 मवेशी
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 18 मवेशी मिले। सभी मवेशियों को ट्रक से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया।
कहां से लाए थे मवेशी, जांच जारी
पुलिस फरार आरोपियों की पहचान के लिए ट्रक के नंबर और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। मामले में पशु परिवहन से जुड़े नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं वाहन
प्रेमनगर क्षेत्र में मवेशी तस्करी के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने 25 मवेशियों समेत कई वाहनों को पकड़कर पुलिस को सौंपा था। ताजा घटना के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी और बढ़ा दी है।
तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। आसपास के गांवों में पूछताछ के साथ ट्रक से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
