DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

ट्रम्प ने मोदी की तारीफ की, कहा- वे टफ इंसान:ईरान पर बोले- वह पागल देश, उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे

मनीला, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प की मंगलवार को फिलीपींस में मुलाकात हुई। दोनों लीडर राजधानी मनीला में हो रही क्वाड मीटिंग में शामिल हुए। ट्रम्प ने मोदी की तारीफ की और कहा कि वे टफ इंसान हैं।

क्वाड बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, डोनाल्ड ट्रम्प, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल हुए हैं।

ट्रम्प ने बैठक के दौरान ईरान पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि ईरान पागल देश है। इसी वजह से उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जा सकता।

क्वाड देशों के नेता मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में मिले।

क्वाड देशों के नेता मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में मिले।

मोदी बोले- इस बैठक से आगे की दिशा तय होगी

PM मोदी ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि आज की बैठक में ठोस फैसले होंगे। मोदी ने कहा,

मुझे विश्वास है कि आज की बैठक से हमारे आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए साफ लक्ष्य तय करने में मदद मिलेगी।

क्रिटिकल मिनरल्स पर क्वाड देशों में समझौता

क्वाड देशों की बैठक के दौरान ट्रम्प ने भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर कई अहम समझौतों का ऐलान किया।

ट्रम्प ने कहा कि इन समझौतों का मकसद चारों देशों की सप्लाई चेन को सुरक्षित करना और किसी एक विदेशी सप्लायर पर निर्भरता कम करना है। इससे किसी एक देश को दूसरे देशों पर आर्थिक दबाव बनाने का मौका नहीं मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इन समझौतों से चारों देशों की ताकत बढ़ेगी और उनकी सुरक्षा मजबूत होगी।

ट्रम्प बोले- ईरान पागल देश उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे

ट्रम्प ने ईरान की ओर से अमेरिका पर हमले से जुड़े सवाल पर सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर ईरान की ओर से ऐसा कोई खतरा है, तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

ट्रम्प ने कहा,

अगर ऐसा कोई खतरा है, तो उन्हें ऐसी कीमत चुकानी पड़ेगी, जैसी किसी देश ने आज तक नहीं चुकाई होगी। मुझे उम्मीद है कि ऐसा नहीं है, लेकिन हम इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ईरान पागल देश है। इसी वजह से उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जा सकता।

मोदी बोले- भारत के लिए क्वाड एक भरोसेमंद साझेदारी

क्वाड देशों की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के लिए क्वाड एक भरोसेमंद साझेदारी है। उन्होंने कहा,

समुद्र की सुरक्षा, सामान की सप्लाई बनाए रखने, नई तकनीक और आपदा के समय मदद पहुंचाने जैसे मुद्दों पर क्वाड मिलकर काम कर रहा है। हमारी कोशिश है कि इन सभी मामलों में चारों देश मिलकर भरोसेमंद समाधान निकालें।

मोदी बोले- मनीला और क्वाड का रिश्ता काफी पुराना

क्वाड देशों के नेताओं के साथ बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा की मनीला और क्वाड का रिश्ता काफी पुराना और खास है।

उन्होंने बताया कि 2007 में चारों देशों के अधिकारी पहली बार यहीं मिले थे। इसके 10 साल बाद, 2017 में इसी शहर में हमने फिर से बातचीत शुरू की थी। आज एक बार फिर इस ऐतिहासिक शहर में क्वाड की बैठक होना हमारे लिए एक अहम पड़ाव है।

उन्होंने आगे कहा कि पिछले साल जनवरी से अब तक हमारे विदेश मंत्री 5 बार मिल चुके हैं। यह हमारी मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और क्वाड के साथ मिलकर काम करने की साझा प्रतिबद्धता को दिखाता है।

ट्रम्प बोले- 10 महीने में रेयर अर्थ मामले में चीन के बराबर होंगे

ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका रेयर अर्थ के उत्पादन में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका अगले 10 महीनों में इस मामले में चीन की बराबरी कर लेगा।

ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका अब तक के सबसे बड़े स्तर पर रेयर अर्थ का उत्पादन कर रहा है। अगले 10 महीनों में उसे जिन चीजों की जरूरत होगी, उनका उत्पादन देश के भीतर ही होने लगेगा।

उन्होंने कहा कि सिर्फ अमेरिका ही नहीं, जापान और भारत भी रेयर अर्थ का उत्पादन बढ़ा रहे हैं। ट्रम्प के मुताबिक, तीनों देश इस दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं।

ट्रम्प ने क्वाड नेताओं के साथ हाईलेवल मीटिंग की

क्वाड देशों के नेताओं की मुलाकात के दौरान ट्रम्प पीएम मोदी की तारीफ करते हुए।

ट्रम्प ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड देशों के नेताओं के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल हुए।

बैठक में चारों देशों के नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। यह बैठक आसियान समिट के दौरान हुई। इसका मकसद हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चारों देशों के बीच बातचीत और सहयोग को आगे बढ़ाना था।

PM मोदी की थाईलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में आसियान से जुड़ी बैठकों के दौरान थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल से मुलाकात की। मोदी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद संभालने पर बधाई दी और शुभकामनाएं दीं।

मोदी ने कहा कि भारत और थाईलैंड समुद्री पड़ोसी हैं। दोनों देशों के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध हैं।

इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने भारत-थाईलैंड रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। इसमें व्यापार, रक्षा और सुरक्षा, कनेक्टिविटी और संस्कृति जैसे क्षेत्र शामिल रहे।

PM मोदी ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री के साथ मीटिंग की

प्रधानमंत्री मोदी और सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने मंगलवार को मुलाकात की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसियान-भारत और ईस्ट एशिया समिट के दौरान सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की।

दोनों नेताओं ने भारत और सिंगापुर के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की।

PM मोदी ने सिंगापुर को अगले आसियान अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत इस जिम्मेदारी में सिंगापुर को पूरा सहयोग देगा।

PM मोदी ने आसियान देशों के सामने 9 प्रस्ताव रखे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भारत और आसियान देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए कई प्रस्ताव रखे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक इनमें पर्यटन, समुद्री सुरक्षा, तकनीक, ऊर्जा, शिक्षा और युवाओं के बीच संपर्क बढ़ाने की पहल शामिल हैं।

PM मोदी ने आसियान देशों के सामने ये प्रस्ताव रखे:

1. मुफ्त ई-वीजा: आसियान देशों के पर्यटकों को भारत आने के लिए मुफ्त ई-वीजा देने का प्रस्ताव।

2. समुद्री सहयोग योजना: समुद्र के रास्ते व्यापार और आवाजाही बढ़ाने, समुद्र से जुड़ी रिसर्च, प्राकृतिक आपदाओं से निपटने, तटरक्षक बलों के बीच तालमेल और समुद्री सुरक्षा के लिए मिलकर लंबे समय तक काम करने की योजना।

3. साइबर ट्रेनिंग: साइबर अपराधों की जांच और डिजिटल सबूत जुटाने के लिए संयुक्त साइबर फॉरेंसिक ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करने का प्रस्ताव।

4. परमाणु ऊर्जा में सहयोग: परमाणु ऊर्जा से जुड़ी तकनीक और जानकारी साझा करने के लिए तकनीकी आदान-प्रदान।

5. स्पेस हैकाथॉन: अंतरिक्ष तकनीक और उससे जुड़ी नई खोजों को बढ़ावा देने के लिए आसियान-भारत स्पेस हैकाथॉन आयोजित करना।

6. खनिजों में सहयोग: जरूरी खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स) की खोज, खनन और उनसे जुड़ी तकनीक में मिलकर काम करना।

7. युवा संपर्क कार्यक्रम: आसियान-भारत यूथ कनेक्ट पहल शुरू करना। इसके तहत युवा सम्मेलन, युवा सांसदों के बीच बातचीत और स्टार्टअप हैकाथॉन आयोजित करना।

8. पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद: आसियान देशों के ज्यादा छात्रों को नालंदा यूनिवर्सिटी में पढ़ने के लिए आर्थिक मदद देने का प्रस्ताव।

9. क्रिएटिव पार्टनरशिप: 2027 में होने वाले वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट में आसियान-भारत क्रिएटिव पार्टनरशिप पवेलियन बनाने का प्रस्ताव। इसका मकसद दोनों पक्षों के मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है।

मोदी बोले- भारत और आसियान की तरक्की एक-दूसरे से जुड़ी

PM मोदी ने कहा कि भारत का विकास और आसियान देशों की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है। भारत की तरक्की से आसियान देशों को भी फायदा होगा और आसियान की समृद्धि भारत के विकास को गति देगी।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 और आसियान का 2045 का विजन दोनों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

मोदी ने बताया कि 2014 से भारत ने लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए 100 से ज्यादा पहल की हैं। करीब 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए और कौशल विकास के लिए 10 हजार से ज्यादा छात्रवृत्तियां दी हैं।

PM मोदी ने गुरुद्वारा खालसा दीवान में की प्रार्थना

मोदी 100 साल पुराने खालसा दीवान गुरुद्वारे पहुंचे

पीएम मोदी मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में 100 साल से ज्यादा पुराने खालसा दीवान गुरुद्वारे पहुंचे। यहां उन्होंने गुरुद्वारे के नए सिरे से निर्माण और सुधार के काम की आधारशिला रखी।

मोदी ने कहा कि इस पुराने गुरुद्वारे में आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा और वे खुद को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर बताया कि खालसा दीवान मनीला का सबसे पुराना गुरुद्वारा है।

यह 100 साल से ज्यादा समय से भारत और फिलीपींस के बीच दोस्ती और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

पीएम मोदी मनीला के गुरुद्वारा में अरदास में शामिल हुए।

Exit mobile version