DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

ट्रम्प, पुतिन और जिनपिंग की डिनर पर मुलाकात:तीनों नेताओं की कल मीटिंग, चीनी राष्ट्रपति पहली बार प्रोटोकॉल तोड़कर विदेशी नेता को रिसीव करने पहुंचे

शेनझेन, एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन APEC समिट के स्वागत डिनर में एक साथ नजर आए।

तीनों नेताओं के बीच कल त्रिपक्षीय बैठक होगी। इसमें ईरान युद्ध और परमाणु हथियारों के इस्तेमाल समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

इससे पहले जिनपिंग ने प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पर ट्रम्प का स्वागत किया। वे पहली बार किसी विदेशी नेता को रिसीव करने खुद एयरपोर्ट पहुंचे। आमतौर पर इस तरह की जिम्मेदारी दूसरे अधिकारी निभाते हैं।

चीन के शेनझेन एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प।

चीन के शेनझेन एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प।

दोनों नेताओं ने एक दूसरे को गले लगाया।

शेनझेन में एक बच्ची ने ट्रम्प को फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया।

शेनझेन एयरपोर्ट पर ट्रम्प के स्वागत में कौन-कौन मौजूद था?

व्हाइट हाउस ने बुधवार को शेनझेन बाओआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के स्वागत के लिए मौजूद अधिकारियों के नाम बताए।

  • इस दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अमेरिका के चीन में राजदूत डेविड पर्ड्यू और उनकी पत्नी बोनी मौजूद थीं।
  • इसके अलावा ग्वांगझू में अमेरिकी महावाणिज्यदूत पॉलीन काओ भी स्वागत करने वालों में शामिल थीं।
  • चीनी अधिकारियों में विदेश मंत्रालय के कार्यकारी उपमंत्री मा झाओशू और अमेरिका में चीन के राजदूत शिए फेंग मौजूद थे।
  • चीन के विदेश मंत्रालय के सहायक मंत्री होंग लेई को भी एयरपोर्ट पर देखा गया।

जिनपिंग-ताकाइची की APEC में मुलाकात नहीं होगी

जिनपिंग और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची की APEC समिट में मुलाकात के आसार नहीं हैं। दोनों देशों के बीच ताइवान को लेकर तनाव बढ़ गया है।

पिछले साल अक्टूबर में पहली मुलाकात के दौरान जिनपिंग ने कहा था कि चीन और जापान को एक-दूसरे के लिए खतरा बनने के बजाय साझेदार बनना चाहिए। लेकिन एक साल के भीतर दोनों देशों के रिश्ते बिगड़ गए।

तनाव की शुरुआत ताकाइची के उस बयान से हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर चीन ताइवान पर सैन्य कार्रवाई करता है, तो जापान भी जवाब दे सकता है।

इससे चीन नाराज हो गया। इसके बाद चीन ने जापान पर आर्थिक दबाव बढ़ाया। अपने नागरिकों को जापान की यात्रा न करने की सलाह दी। चीन में कई जापानी कलाकारों के कार्यक्रम भी रद्द हुए।

दोनों देशों के बीच विवाद का इतिहास भी पुराना है। दूसरे विश्वयुद्ध से पहले जापानी सेना ने चीन पर हमला किया था और नानजिंग में बड़े पैमाने पर नरसंहार किया था।

जापान कई बार इसके लिए माफी मांग चुका है, लेकिन यह मुद्दा आज भी दोनों देशों के रिश्तों में तनाव की वजह बना हुआ है।

APEC समिट में नेताओं ने खिंचवाई फैमिली फोटो

APEC समिट में शामिल देशों के नेताओं की फैमिली फोटो जारी हुई है। फोटो में जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन सबसे आगे बीच में खड़े हैं। ट्रम्प और पुतिन भी पहली लाइन में हैं। ट्रम्प, जिनपिंग के ठीक बगल में खड़े नजर आ रहे हैं।

वहीं, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची समेत कई नेता दूसरी लाइन में खड़े हैं।

Exit mobile version