सरगुजा, एजेंसी। अंबिकापुर में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने वोट चोरी के मुद्दे पर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए हैं। SRR में निर्वाचन आयोग वह काम कर रहा है, जिसे वे खुद गैरकानूनी बताते रहे हैं। एक दूषित विचारधारा के व्यक्ति भाजपा को मदद करने के लिए काम कर रहे हैं।
कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तीसरे चरण के तहत आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीएस सिंहदेव ने आरोप लगाया कि, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और काटने का खेल चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर में देशभर में 13 करोड़ लोगों के नाम काटे गए। अब निर्वाचन आयोग ने माना कि इसमें गलती हुई है।
सिंहदेव ने कहा कि, पश्चिम बंगाल इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जहां गलत तरीके से नाम काटने का दावा करने वाले 27 लाख लोगों में 93 प्रतिशत लोग मतदान के लिए पात्र पाए गए। सिंहदेव ने कहा कि एसआईआर में भाजपा के लोगों को नाम काटने का टारगेट दिया गया था।
अब फार्म 6 के माध्यम से नाम जोड़ने के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है। इसमें नये या स्थान बदलने पर ही नाम जोड़ने का प्रावधान है। जिनके नाम गलत तरीके से काटे गए हैं, वे नाम जोड़ने के लिए आवेदन करते हैं तो एक साल तक सजा या एक लाख जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग कैसे काम कर रहा है, समझ से परे है।

कांग्रेस बीएलओ की बैठक।
आब्जर्वर बोले- भाजपा को लाभ पहुंचाने SIR
एआईसीसी ऑब्जर्वर देवाशीष पटनायक ने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से मुद्दा उठा रह हैं कि निर्वाचन आयोग की तरफ से गलत तरीके से नाम काटे गए। पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र समेत अन्य प्रदेशों में नाम काटने को लेकर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए गए। भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए एसआईआर की प्रक्रिया की गई।
पटनायक ने कहा कि, हम पूरे देश में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं और यह जारी रहेगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सहप्रभारी जरिता लैतफलांग भी मौजूद रहीं।
बैठक में उपस्थित कांग्रेस बीएलओ।
छत्तीसगढ़ से चुनाव लड़ेंगी स्मृति- सिंहदेव
भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर पूछे गये सवाल पर टीएस सिंहदेव ने कहा कि लगता है वे छत्तीसगढ़ से चुनाव लड़ेंगी। हम तो उनसे चीनी की कीमतें पूछना चाहेंगे। सिंहदेव ने कहा कि यह भाजपा का अंदरूनी मामला है।
कांग्रेस BLO-पदाधिकारियों की ली बैठक
AICC ऑब्जर्वर देवाशीष पटनायक, जरिता लैतफलांग सहित टीएस सिंहदेव ने बूथ स्तर के कांग्रेस BLO-कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर एसआरआर में नाम जुड़वाने को लेकर दिशा निर्देश दिए। कांग्रेस पदाधिकारियों को कहा गया है कि वे ऐसे लोगों की सूची बनाएं, जिनका नाम गलत तरीके से SIR में काटा गया है।
जरिता लैतफलांग ने वोट बचाओ देश बचाओ आंदोलन के तीसरे और महत्वपूर्ण चरण की जानकारियों को साझा करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को पूर्ण निष्ठा और अनुशासन के साथ देश को बचाने की लड़ाई में जुट जाना है।
