DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

तुर्किये बोला- अहमदाबाद हादसे में हमारी कंपनी का लेना-देना नहीं:झूठ फैलाकर संबंध खराब करने की कोशिश; बाबा रामदेव का आरोप-प्लेन की मेंटेनेंस टर्किश कंपनी ने की

अहमदाबाद, एजेंसी। अहमदाबाद में क्रैश हुआ एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान की सेफ्टी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस बीच तुर्किये सरकार ने कहा कि विमान की मेंटेनेंस टर्किश टेक्निक नाम की कंपनी ने नहीं की थी।

तुर्किये की डायरेक्टरेट ऑफ कम्युनिकेशन सेंटर फॉर काउंटरिंग डिसइन्फॉर्मेशन ने कहा- यह दावा बिल्कुल गलत है कि हमारे देश की कंपनी ने क्रैश प्लेन का मेंटेनेंस किया था। भारत-तुर्किये के संबंधों को खराब करने के लिए झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है।

हादसे के बाद बाबा रामदेव ने कहा था- मुझे ये पता चला है कि तुर्किये की एक एजेंसी विमानों में मेंटेनेंस का काम करती है। कहीं तुर्किये ने तो इसके जरिए दुश्मनी नहीं निकाली, कहीं उसने तो कोई साजिश नहीं रची है। ऐसे में एविएशन सेक्टर पर भारत को और नजर रखनी चाहिए।

गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून की दोपहर एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया था। प्लेन सवार 241 लोगों की मौत हुई है। एक जीवित बचा है। प्लेन जिस हॉस्टल बिल्डिंग से टकराया था, वहां से 29 शव मिले हैं। कुल शवों की संख्या 270 हो गई है।

एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान टेकऑफ के 2 मिनट बाद ही क्रैश हो गया।

Exit mobile version