DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रायपुर में गौवंश तस्करी के फरार दो आरोपी गिरफ्तार:30 मवेशियों को पकड़कर नागपुर ले जा रहे थे, पुलिस ने की थी घेराबंदी

रायपुर,एजेंसी। रायपुर में गौवंश तस्करी के मामले में फरार दो आरोपियों को खमतराई थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों में मुख्य आरोपी उमेश दावड़े (नागपुर) और उसका साथी विकास तिवारी (सतना, मध्यप्रदेश) शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, प्रिंस सिंह परमार ने पुलिस को सूचना दी थी कि 1 नवंबर 2025 को ट्रक नंबर CG 04 JD 9815 में भारी मात्रा में गौवंश की तस्करी की जा रही है। इस सूचना पर पुलिस ने मेटल पार्क रांवाभाठा धनेली नाला क्षेत्र में नाकाबंदी की।

सुबह करीब 4 बजे जब ट्रक मौके पर पहुंचा, तो ड्राइवर पुलिस को देखकर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें कुल 24 गौवंश मिले, जिनमें से 5 की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने इसके बाद ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया।

जांच के दौरान ट्रक मालिक उमेश दावड़े को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की गई। उसने बताया कि वह अपने साथियों विवेक तिवारी और विकास तिवारी के साथ मिलकर खैरागढ़ से 30 मवेशियों को नागपुर ले जा रहा था। रास्ते में 6 मवेशी ट्रक से कूद गए, जबकि बाकी 24 मवेशियों को रायपुर होते हुए नागपुर ले जाया जा रहा था।

एक आरोपी आदतन गौ तस्कर

पुलिस ने उमेश दावड़े के बयान के आधार पर उसके साथी विकास तिवारी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, तीसरा आरोपी विवेक तिवारी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, उमेश दावड़े आदतन गौ तस्कर है और उसके खिलाफ पहले भी गौ तस्करी के मामले दर्ज हैं।

Exit mobile version