DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर-चांपा में NH-49 पर दो हादसे:कार-बाइक टक्कर में 3 की मौत, 2 गंभीर घायल, पुलिस जांच में जुटी

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 49 पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाएं मुलमुला थाना क्षेत्र में हुई हैं।

पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।

एक्सीडेंट में मृत युवक

एक्सीडेंट में मृत युवक

पहला हादसा: एंबुलेंस ने बाइक को मारी टक्कर

मुलमुला थाना पुलिस के अनुसार पहला हादसा अर्जुनी चौक के पास हुआ। एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने पीछे से बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार प्रदीप निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों घायलों को पहले अकलतरा अस्पताल भेजा गया, बाद में हालत गंभीर होने पर बिलासपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त एंबुलेंस और बाइक जब्त कर एंबुलेंस चालक को हिरासत में ले लिया है।

दूसरा हादसा: कार मालवाहक वाहन से टकराई

दूसरी घटना करुंमहू चौक के पास हुई। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे जांजगीर से बिलासपुर जा रही एक तेज रफ्तार मारुति कार सामने चल रहे मालवाहक वाहन से टकरा गई।

इस हादसे में कार में सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाया गया।

जांच जारी

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अकलतरा अस्पताल भेजा गया। मुलमुला पुलिस दोनों सड़क हादसों की विस्तृत जांच कर रही है।

Exit mobile version