नई दिल्ली/,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी हो रही है। हिमाचल में 340 सड़कों पर आवाजाही बंद हो गई है। छितकुल में ढाई फीट से भी ज्यादा बर्फ पड़ी है, जिससे कई टूरिस्ट फंस गए हैं।
कश्मीर में बर्फबारी के चलते श्रीनगर-लेह रोड बंद है। कश्मीर यूनिवर्सिटी के एग्जाम रद्द कर दिए गए हैं। करीब 1800 गाड़ियां फंसी हुई हैं। गांदरबल, सोनमर्ग, पहलगाम, गुंड, बारामूला समेत कई जगहों पर तापमान माइनस 10 से 22 डिग्री तक पहुंच गया है।
यहां पर एक फीट तक बर्फबारी भी हुई, जिससे करीब 2 हजार पर्यटक अलग-अलग जगहों पर फंस गए। स्थानीय कश्मीरियों ने घर और मस्जिद के दरवाजे खोले। इन्हें रुकने की जगह दी, कंबल रजाई के साथ खाने-पीने का गर्म सामान भी दिया।
उत्तराखंड के चमोली जिले में अगले 24 घंटों में 3 हजार मीटर से ज्यादा की ऊंचाई पर एवलांच (बर्फ ढहना) का ऑरेंज अलर्ट है। बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पांडुकेश्वर-बद्रीनाथ के बीच बर्फबारी के कारण बंद है।
कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी की 10 तस्वीरें…

हिमाचल प्रदेश के मनाली के सोलंग में एक हजार से ज्यादा वाहन ट्रैफिक जाम में फंस गए।
शिमला में बर्फबारी के कारण पर्यटकों की संख्या बढ़ी। यहां तापमान माइनस में पहुंच गया है।
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में बर्फबारी और पर्यटकों की संख्या बढ़ने के कारण जाम लग गया।
कश्मीर के बारामूला में पेड़ों पर बर्फ जम गई। झरने पर बहता हुआ पानी भी जम गया।
ट्राइबल जिले लाहौल स्पीति में कल शाम से ही भारी बर्फबारी हो रही है, जिससे जिले का संपर्क राजधानी से कट गया है।
बद्रीनाथ में भारी बर्फबारी हुई। यहां का तापमान -7 डिग्री तक पहुंच गया है।
उधमपुर में भारी बर्फबारी के कारण एक यात्री बस का एक्सीडेंट हो गया। हालांकि हादसे में किसी को चोट नहीं आई।
जम्मू-कश्मीर के डोडा में स्नोफॉल के बाद कई फीट बर्फ जम गई।
तस्वीर श्रीनगर की है। यहां साल के अंत में पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। पिछले साल की तुलना में ज्यादा टूरिस्ट यहां आ रहे हैं।
अटल टनल के बाहर सड़क पर 1 फीट से ऊपर बर्फ जम गई। इस कारण अटल टनल को बंद करना पड़ा।
हिमाचल के 5 जिलों में 10cm से ज्यादा बर्फबारी
हिमाचल के कल्पा में 14.9, कुफरी में 14.5, पूह में 12, मुरंग में 12, खदराला में 10, सांगला में 8.5, केलंग में 8, कुकमसेरी में 1.6 सेमी ताजा बर्फबारी हुई है। इससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकाॅर्ड किया गया है।
