DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

हरियाणा में ढाई साल बाद कोरोना वायरस की एंट्री:2 जिलों में 3 केस मिले; मुंबई से लौटी महिला पॉजिटिव, सिक्योरिटी गार्ड भी संक्रमित

फरीदाबाद/गुरुग्राम,एजेंसी। हरियाणा में करीब ढाई साल बाद फिर से कोरोना वायरस की एंट्री हुई है। मंगलवार को फरीदाबाद से एक और बुधवार को गुरुग्राम से कोविड के दो मामले सामने आए हैं। इनमें फरीदाबाद का 28 वर्षीय युवक दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था, उसे बुखार, खांसी और सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। उसे इलाज के लिए दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था।

मंगलवार की देर शाम उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके परिवार के सदस्यों के सैंपल भी लिए गए हैं, जिनकी आज रिपोर्ट आएगी। जबकि दो मरीज गुरुग्राम से हैं, जिनमें एक महिला हाल ही में मुंबई घूमकर आई थी और दूसरा एक बुजुर्ग है जिसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है।

हालांकि, ये तीनों लोग कोरोना के किस वेरिएंट के शिकार हुए हैं, इसकी पुष्टि डॉक्टरों ने अभी तक नहीं की है। डॉक्टरों का कहना है कि वेरिएंट की जांच अभी जारी है।

दोनों मरीजों को किया गया होम आइसोलेट

गुरुग्राम से कोरोना पॉजिटिव पाए गए मरीजों में एक 31 वर्षीय महिला शामिल है, जो हाल ही में मुंबई से घूमकर लौटी है। दूसरा केस एक 70 वर्षीय बुजुर्ग का है, जिनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है।

दोनों मरीजों में कोरोना के लक्षण दिखे, जैसे बुखार न उतरना और खांसी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने इनकी जांच करवाई और दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल उन्हें होम आइसोलेट किया गया है और दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

Exit mobile version