DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में दो सड़क हादसे, 2 कारें भिड़ीं:एक में एयरबैग से बची जान, दूसरी में कार खंभे से टकराकर पलटी

कोरबा। कोरबा में गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दर्री थाना क्षेत्र में दो कारों की आमने-सामने की टक्कर हुई, जिसमें एयरबैग खुलने से तीन लोगों की जान बच गई। वहीं, बालको थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए।

पहला हादसा दर्री थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज पर दोपहर करीब 2 बजे हुआ। भाटापारा निवासी राहुल एक्का अपनी डिजायर (CG-12-BC-3147) से कोरबा आ रहे थे, तभी सामने से आ रही एक -तेज रफ्तार -डिजायर (CG-12-BT-7957) ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कोरबा से आ रही डिजायर की दिशा बदल गई और उसका एक पहिया अलग हो गया। दोनों कारों के इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, इस भीषण टक्कर के बावजूद, डिजायर में सवार तीन लोगों की जान एयरबैग खुलने के कारण बच गई और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

कार बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकराई

दूसरा हादसा बालको थाना क्षेत्र के परसाभांठा मुख्य मार्ग पर हुआ। यहां एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकरा गई और पलट गई। कार में लगभग चार लोग सवार थे। हादसे के बाद कार में सवार लोग किसी तरह बाहर निकले।

इस दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सुबह होने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने बालको थाना पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार बाइक और कार सवार देखे जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

Exit mobile version