कोरबा। बैंक में रकम निकालने पहुंची एक महिला के पर्स से दो महिलाओं ने 40 हजार रुपए पार कर दिए। घटनाक्रम वहां लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
घटना शहर में स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में मंगलवार दोपहर 1.20 बजे घटित हुई। बैंक में हेमा साहू रकम निकालने पहुंची थी। 40 हजार रुपए आहरण करने के बाद उसे पर्स में रखकर महिला बैंक के काउंटर में खड़ी थी। इसी दौरान पास मौजूद दो महिलाओं में एक ने आसपास नजर रखी और दूसरी ने महिला के पीछे खड़े होकर पर्स से 40 हजार रुपए निकाल लिए।

इसके बाद वे दोनों महिलाएं बैंक से बाहर निकल भाग गईं। दूसरी ओर हेमा को जब पर्स में रुपए नहीं दिखे तो होश उड़ गए। बैंक प्रबंधन को जानकारी देने पर पुलिस से शिकायत करने को कहा। हेमा साहू ने पुलिस थाना पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम जांच-पड़ताल में जुटी। इस दौरान वहां लगे सीसी कैमरे का फुटेज खंगालने पर उसमें रुपए पार करने वाली दोनों महिलाओं की गतिविधि व उनके चेहरे स्पष्ट नजर आए।
