सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार (19 सितंबर) शाम एक बड़ा हादसा हुआ। शराब के नशे में धुत दो युवकों ने स्विफ्ट कार से कई लोगों को टक्कर मार दी। ओडिशा नंबर की कार (OD17Q0898) वार्ड नंबर-1 से कसेरपारा होते हुए महल चौक तक अनियंत्रित होकर चलती रही।
कार ने रास्ते में बाइक, ठेला और रिक्शा समेत कई पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मारी। इस हादसे में 4 से ज्यादा लोग घायल हुए। कुछ को गंभीर चोटें आईं।
सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। महल चौक पर कार ने एक गाय को भी टक्कर मार दी। इसके बाद कार बीच सड़क पर बंद हो गई।

गुस्से में लोगों ने पीटा
घटना से गुस्साए लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। भीड़ ने उनकी पिटाई कर दी। इस वजह से करीब आधे घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहा।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी लखनलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। कार को जब्त कर लिया गया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर रोष है।
