DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

50 फीट गहरे राख के गड्ढे से मिला अज्ञात शव:कोरबा में क्राइम की 3 घटनाएं, बदमाशों ने होटल संचालक को मारा, 15 जुआरी पकड़ाए

कोरबा। कोरबा जिले में मारपीट, हादसा और जुआ खेलने के 3 अलग-अलग मामले सामने आए है। पहला मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है जहां रिसदी लालघाट डेंगुरनाला के पास राख में लिपटा एक अज्ञात शव मिला है जिसमें पुलिस ने पानी भरे गड्ढे में गिरने से युवक के मौत की आशंका जताई है।

दूसरे मामले में हरदीबाजार बस स्टैंड स्थित सांई भोजनालय में 2 युवकों ने भोजनालय के विकलांग संचालक अशोक कुमार जायसवाल (70 साल) को बर्तन से मारा। दोनों ने मुर्गी रोटी ऑर्डर किया था लेकिन बिलिंग से कम पैसा दे रहे थे, विरोध करने पर मारपीट की।

वहीं, तीसरे मामले में कटघोरा थाना पुलिस ने जुआ खेलते 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक लाख रुपए से अधिक नकद, 17 बाइक और एक कार जब्त की है। सभी जुआरी पहाड़ के ऊपर टेंट लगाकर जुआ खेल रहे थे।

घटना स्थल पर पहुंचे अधिकारी।

घटना स्थल पर पहुंचे अधिकारी।

पहला मामला, राख में मिली लाश

रिसदी लालघाट ​​​​​​​में स्थानीय निवासियों को नाले से लगभग 100 मीटर दूर स्थित एक गड्ढे से तेज दुर्गंध आने की शिकायत मिली। जांच करने पर उन्हें राख में लिपटा एक शव मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 पर सूचना दी।

15 जुलाई की सुबह थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिला प्रशासन और नगर सेना रेस्क्यू टीम की मदद से शव को बाहर निकाला। पुलिस अभी तक मृतक की पहचान नहीं कर पाई है। पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

शव की तस्वीरें व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की गई हैं। 15 ब्लॉक से एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिलने पर उसके परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में संयंत्र से निकलने वाली राख को नदी-नालों और जंगल के किनारे डाला जाता है। इससे गर्मी और आंधी-तूफान के मौसम में लोगों को परेशानी होती है। वार्ड पार्षद और स्थानीय निवासियों ने इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित विभाग से की है।

भोजनालय संचालक विकलांग अशोक कुमार को 2 युवकों ने मारा।

दूसरा मामला, भोजनालय संचालक को मारा

कोरबा के हरदीबाजार बस स्टैंड स्थित सांई भोजनालय में उतरदा रेलबडरी के संजय कश्यप और नेवसा ओझापारा के राजेंद्र पोर्ते ने होटल में मुर्गा रोटी का ऑर्डर दिया। 60 रुपए प्रति प्लेट के हिसाब से दोनों को कुल 120 रुपएदेने थे। भोजन के बाद दोनों ने 50-50 रुपए देने की बात कही।

जब होटल संचालक ने कम पैसे देने पर सहमति जता दी और दूसरे ग्राहक की सेवा में लग गए, तभी एक युवक ने पीछे से चम्मच से उनके सिर पर वार कर दिया। अशोक की पत्नी कृष्णा जायसवाल ने बीच-बचाव की कोशिश की।शोर सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे।

दोनों आरोपी थाने में रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को कॉलेज चौक के पास से पकड़ लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

जुआ खेलते पकड़े गए आरोपी।

तीसरा मामला, जुआरी पकड़ाए

कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र में जुआरी पहाड़ के ऊपर टेंट लगाकर जुआ खेल रहे थे। इन जुआरियों में कटघोरा के अलावा पाली, कोरबा, रतनपुर और बिलासपुर से आए लोग शामिल थे।जुआरी अपने साथ शराब, पानी पाउच और नाश्ता लेकर आते थे।

हर जुआरी लगभग 6 से 7 हजार रुपए लेकर खेल रहा था। पहाड़ की ऊंचाई और जंगली जानवरों के खतरे के बावजूद यहां लंबे समय से जुए का अवैध धंधा चल रहा था। पुलिस ने जुआ खेलते 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मौके से एक लाख रुपए से अधिक नकद, 17 बाइक और एक कार जब्त की है। पुलिस अधीक्षक की टास्क टीम और थाना प्रभारी कटघोरा धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

Exit mobile version