DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बिजली ऑपरेटर के घर चंगाई सभा पर बवाल:हिंदू संगठन ने बंद कराई, पुलिस ने मकान मालिक को नोटिस दिया

कोरबा। कोरबा के डूमरकछार गांव में रविवार सुबह चंगाई सभा को लेकर विवाद हो गया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर सभा को बंद करा दिया। सूचना मिलने पर डायल 112 और पाली पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभा आयोजित करने वाले मकान मालिक से पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पाली थाना पहुंचे। संगठन ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डूमरकछार में अवैध रूप से चंगाई सभा का आयोजन किया जा रहा था, जिसमें ग्रामीण इलाकों से लोगों को बुलाकर प्रार्थना कराई जा रही थी।

जानकारी के अनुसार कटघोरा, हरदीबाजार और आसपास के गांवों से ग्रामीणों को इस सभा में बुलाया गया था। यह सभा बिजली विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत एक व्यक्ति के घर पर आयोजित की जा रही थी। हिंदू संगठन के विरोध के बाद सभा में आए लोग अपने-अपने घरों को लौटने लगे।

दो महीने पहले भी हुआ था विरोध

स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी मकान में दो महीने पहले भी इसी तरह की सभा का आयोजन किया गया था, तब भी ग्रामीणों ने आपत्ति जताई थी और शिकायत की थी। इसके बावजूद दोबारा सभा आयोजित की जा रही थी। हिंदू संगठन का आरोप है कि ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर प्रार्थना सभा में शामिल किया जा रहा था।

शिकायत पर मकान मालिक को नोटिस

पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि हिंदू संगठन की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। इस आवेदन के आधार पर मकान मालिक को नोटिस जारी किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से ऐसे आयोजनों पर सख्त रोक लगाने की मांग की है।

Exit mobile version