रायपुर,एजेंसी। आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए उत्तम जायसवाल को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। जायसवाल आप के प्रदेश के सबसे पुराने कार्यकर्ताओं में से एक हैं। अन्ना आंदोलन के दौरान से ही सक्रिय रहे हैं।
पार्टी के निर्माण से लेकर अब तक वे लगातार संगठन में अहम भूमिकाएं निभाते रहे हैं। प्रदेश संगठन में उनकी गहरी पकड़ और सक्रियता को देखते हुए कुछ महीने पहले ही उन्हें प्रदेश संगठन महासचिव की जिम्मेदारी दी गई थी।

पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ उत्तम जायसवाल। (फाइल फोटो)
अब प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय संगठन महासचिव डॉ. संदीप पाठक और प्रदेश सह प्रभारी मुकेश अहलावत की तरफ से जारी पत्र में उन्हें कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हर्ष जताया है।
उत्तम जायसवाल की अगुवाई में प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी के सदस्य। (फाइल फोटो)
पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में आप छत्तीसगढ़ में स्वराज, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार मुक्त राजनीति के नए अध्याय की शुरुआत करेगी। संगठन को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और जनता की आवाज़ को और मजबूती से उठाया जाएगा।
