सरगुजा,एजेंसी। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा-अंबिकापुर के कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रेम प्रकाश सिंह को हटा दिया है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के प्रोफेसर प्रो. डॉ. राजेन्द्र लखपाले को नया कुलपति नियुक्त किया गया है। डॉ. प्रेम प्रकाश सिंह एक साल पहले ही कुलपति बनाए गए थे।
राज्यपाल के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि, डॉ. राजेंद्र लखपाले की नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावशील होगी। उनका कार्यकाल, उपलब्धियां और सेवा शर्तें छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 और संबंधित परिनियमों के अनुरूप निर्धारित होंगी।
प्रो. डॉ. लखपाले जनवरी 1992 से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर से जुड़े हुए हैं। प्रो. डॉ. लखपाले कृषि विज्ञान के क्षेत्र में एक अनुभवी शिक्षाविद् और प्रशासक रहे हैं। उन्होंने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए शैक्षणिक और अनुसंधान कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

एक साल में बदले गए दो कुलपति
संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय में एक साल में दो कुलपति बदल दिए गए हैं। 20 अक्टूबर को कुलाधिपति ने आदेश जारी कर प्रो. अशोक सिंह को कार्यकलापों से कुप्रशासन, भारी अव्यवस्था और अन्य आरोपों से घिरे रहने के कारण हटाया दिया था।
प्रो. अशोक सिंह को हटाने के लिए धारा 52 की अधिसूचना जारी की गई थी। अधिसूचना में कहा गया था कि विश्वविद्यालय में आंतरिक विवाद और समन्वय के अभाव के कारण स्वस्थ शैक्षणिक-प्रशासनिक वातावरण का अभाव है। अशोक सिंह को हटाए जाने के बाद विश्वविद्यालय ने उनके खिलाफ 52 लाख रुपए रिकवरी का नोटिस भी जारी किया था।
प्रो. अशोक सिंह को हटाए जाने के बाद 20 अक्टूबर 2024 को डॉ. प्रेम प्रकाश सिंह (प्रोफेसर प्राणी शास्त्र) को संत गहिरा गुरू यूनिवर्सिटी सरगुजा का नया कुलपति नियुक्त किया गया था। डॉ. प्रेम प्रकाश सिंह, महली भगत कॉलेज कुसमी बलरामपुर में बतौर प्रोफेसर पदस्थ थे। कुलपति पद से हटाए जाने के बाद उन्हें मूल पद पर वापस भेजा जाएगा। हालांकि इसका अलग से आदेश जारी नहीं किया गया है।
