DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

एसईसीएल मैनेजर पर ग्रामीणों का हमला, गंभीर घायल:सूरजपुर में सड़क निर्माण के विरोध में हुई ज़ोरदार पत्थरबाजी

सूरजपुर,एजेंसी। सूरजपुर जिले के अमगांव एसईसीएल क्षेत्र के ग्राम पटना में एसईसीएल के सब एरिया मैनेजर विजय कुमार पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में वे बुरी तरह घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें विश्रामपुर एसईसीएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना एसईसीएल द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण के विरोध में हुई। ग्रामीणों को जब इस कार्य की जानकारी मिली, तो बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण अचानक उग्र हो गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी।

पत्थरबाजी की चपेट में आए एरिया मैनेजर

मौके पर मौजूद सब एरिया मैनेजर विजय कुमार पत्थरबाजी की चपेट में आ गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों की मांग थी कि सड़क कार्य शुरू करने से पहले उनकी नौकरी संबंधी मांगों को पूरा किया जाए।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशासनिक तौर पर सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और कार्य जारी रहेगा। इसी बात को लेकर मौके पर तनाव की स्थिति बन गई, जिसके परिणामस्वरूप मैनेजर पर हमला हुआ। विजय कुमार का ट्रीटमेंट विश्रामपुर एसईसीएल हॉस्पिटल में जारी है। फिरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है भीड़ में लोगों को चिन्हांकित करते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version