गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा क्षेत्र के मरवाही वनमंडल में हाथी के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। रुमगा निवासी करीब 40 वर्षीय केमला प्रसाद हाथी को देखने के लिए उसके काफी करीब पहुंच गया था।
इसी दौरान हाथी ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद डिप्टी रेंजर ने घायल ग्रामीण को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया। वहां उसका इलाज जारी है।

मरवाही क्षेत्र में 52 हाथियों का दल
वन क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से 52 हाथियों का दल मौजूद है। वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीमें लगातार इलाके में निगरानी कर रही हैं। ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी की जानकारी देकर सतर्क रहने और उनसे दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
वन विभाग ने फिर की सतर्क रहने की अपील
वन विभाग के मुताबिक, हाथियों के करीब जाना जानलेवा साबित हो सकता है। इसके बावजूद कुछ लोग हाथियों को देखने के लिए उनके पास पहुंचकर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के नजदीक न जाएं, उन्हें परेशान न करें और वन अमले की चेतावनियों का पालन करें।
