DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

ग्रामीणों ने कार्बन फैक्ट्री का प्रस्ताव खारिज किया:ग्रामसभा में NOC देने से इनकार, प्रदूषण का हवाला देकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित

कोरबा। कोरबा जिले की कुकरीचोली ग्राम पंचायत में ग्रामीणों ने प्रस्तावित कार्बन फैक्ट्री का विरोध किया। 16 नवंबर को हुई विशेष ग्रामसभा में फैक्ट्री के लिए NOC देने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से खारिज कर दिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि फैक्ट्री से गांव में प्रदूषण बढ़ेगा और खेती-किसानी के साथ लोगों की सेहत पर भी असर पड़ेगा।

16 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे पंचायत में विशेष ग्रामसभा बुलाई गई थी। इसमें कार्बन फैक्ट्री लगाने के लिए ग्रामीणों की सहमति और NOC देने का एजेंडा रखा गया था। सभा में कंपनी के प्रतिनिधि और पंचायत पदाधिकारी भी मौजूद थे। जैसे ही NOC का प्रस्ताव रखा गया, ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

ग्रामीण बोले- पहले से उद्योगों के प्रदूषण से परेशान हैं

ग्रामीणों ने कहा कि इलाके में पहले से कई उद्योग चल रहे हैं। इनके प्रदूषण से लोग परेशान हैं। नई फैक्ट्री शुरू होने से हवा और पानी में प्रदूषण बढ़ने के साथ धूल की समस्या भी बढ़ सकती है। इससे खेती-किसानी, लोगों की सेहत और पशुधन पर असर पड़ने की आशंका है।

काले धुएं और राखड़ से फसलें खराब होने का डर

ग्रामसभा में मौजूद बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने कहा कि विकास के नाम पर गांव के पर्यावरण से खिलवाड़ नहीं होने देंगे। ग्रामीणों को आशंका है कि फैक्ट्री से निकलने वाले काले धुएं और राखड़ से सांस की बीमारियां बढ़ सकती हैं। साथ ही फसलों को भी नुकसान हो सकता है।

सर्वसम्मति से प्रस्ताव खारिज, कार्यवाही पंजी में दर्ज किया विरोध

ग्रामीणों के विरोध के बाद ग्रामसभा ने फैक्ट्री के पक्ष में NOC नहीं देने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। इसे कार्यवाही पंजी में दर्ज किया गया। मौजूद ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अपना विरोध भी दर्ज कराया। हस्ताक्षर वाली सूची ग्रामसभा के रिकॉर्ड में शामिल की गई।

कलेक्टर कार्यालय घेरने की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर फैक्ट्री लगाने की जबरदस्ती कोशिश की गई, तो वे आंदोलन करेंगे। इसके साथ ही कलेक्टर कार्यालय का घेराव भी करेंगे।

Exit mobile version