DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सलखन में फ्लाई ऐश प्रदूषण से ग्रामीण परेशान:जांजगीर-चांपा कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत सलखन में फ्लाई ऐश पटाई स्थल से फैल रहे प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।

साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

मानसून शुरू होने के बाद फ्लाई ऐश बारिश के पानी के साथ बहकर कृषि भूमि तक पहुंच सकती है।

मानसून शुरू होने के बाद फ्लाई ऐश बारिश के पानी के साथ बहकर कृषि भूमि तक पहुंच सकती है।

लंबे समय से उठ रही शिकायतें

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के फ्लाई ऐश पटाई स्थल से लगातार राखड़ उड़ रही है, जिससे आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में कई बार कंपनी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को मौखिक व लिखित शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता

ग्रामीणों ने बताया कि मानसून शुरू होने के बाद फ्लाई ऐश बारिश के पानी के साथ बहकर खेतों तक पहुंच सकती है। इससे जमीन की उर्वरता प्रभावित होने और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द रोकथाम नहीं की गई तो खेती-किसानी पर गंभीर असर पड़ सकता है।

स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा पर भी असर

ग्रामीणों के अनुसार, उड़ती हुई राखड़ से लोगों को सांस और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सड़कों पर फ्लाई ऐश फैलने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि खुले गड्ढों और फ्लाई ऐश के ढेरों के कारण मवेशियों के फंसने और उनकी जान को खतरा बना हुआ है।

प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

ज्ञापन में ग्रामीणों ने प्रशासन से फ्लाई ऐश पटाई स्थल का निरीक्षण कराने, सुरक्षा उपाय लागू करने और पर्यावरणीय नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला केवल प्रदूषण तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की आजीविका, लोगों के स्वास्थ्य और क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। इसलिए प्रशासन को इस पर तत्काल ध्यान देकर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

Exit mobile version