DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

इंडियन पब्लिक स्कूल में विराजे गजानन, भक्तिमय हुआ विद्यालय परिसर

कोरबा/पाली। इंडियन पब्लिक स्कूल पाली में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर स्थापना की गई। भगवान श्री गणेश के विद्यालय में विराजते ही पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना कर सभी के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय में गणेश चतुर्थी के महत्व और भगवान श्री गणेश के जीवन से मिलने वाली सीख के बारे में भी विद्यार्थियों को बताया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ आयोजन में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर राकेश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। एडमिनिस्ट्रेटर कुणाल महापात्र ने विद्यार्थियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए पर्व के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं प्रिंसिपल संतोष देवनाथ ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गणेश ज्ञान, बुद्धि और शुभारंभ के प्रतीक हैं, इसलिए हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
विद्यालय परिवार ने गणपति बप्पा से सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समस्त क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

Exit mobile version