DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

‘वोट चोर गद्दी छोड़’ पदयात्रा…रायगढ़ से भिलाई तक चलेंगे कांग्रेसी:सचिन पायलट के नेतृत्व में शक्ति-प्रदर्शन

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अब प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के नेतृत्व में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के जरिए रायगढ़ से भिलाई तक पदयात्रा करेगी। 16 से 18 सितंबर तक अभियान चलेगा। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इसकी जानकारी दी है।

इससे पहले, बिलासपुर में 9 सितंबर को कांग्रेस ने ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ सभा की थी, जिसमें सचिन पायलट की मौजूदगी में गुटबाजी नजर आई थी। पूर्व मंत्री डहरिया ने कहा था कि, कार्यकर्ता चमचे नहीं है। TS सिंहदेव पर भूपेश ने इशारे-इशारे में कहा था कि, वोट चोरी से सरकार गई, मत बोलना काम नहीं किया। वहीं, अमरजीत से माइक छीन लिया गया था।

वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत कांग्रेस नेता सचिन पायलट की अगुवाई में रायगढ़ से भिलाई तक पैदल यात्रा करेंगे।

हस्ताक्षर अभियान, रैली और सभा का आयोजन

दीपक बैज ने बताया कि कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इस अभियान की शुरुआत 16 सितंबर को रायगढ़ में हस्ताक्षर अभियान और सभा से होगी। इसी दिन कोरबा में मशाल रैली आयोजित की जाएगी। 17 सितंबर को तखतपुर, मुंगेली और बेमेतरा में पदयात्रा और जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।

बैज ने बताया कि अभियान का समापन 18 सितंबर को राजनांदगांव, दुर्ग और भिलाई में कार्यक्रमों के माध्यम से होगा। सचिन पायलट 16 सितंबर को दोपहर 2.30 बजे झारसुगड़ा हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से रायगढ़ के लिए रवाना होंगे। समापन कार्यक्रम में सचिन पायलट, भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव समेत कई दिग्गज शामिल होंगे।

घर-घर संपर्क, हस्ताक्षर अभियान, मशाल रैलियां और बाइक रैली भी

दीपक बैज ने बताया कि 3 दिवसीय कार्यक्रम में केवल पदयात्रा और सभाएं ही नहीं होंगी, बल्कि लोगों के घर-घर संपर्क, हस्ताक्षर अभियान, मशाल रैलियां और बाइक रैली भी आयोजित की जाएगी। कांग्रेस का मकसद भाजपा सरकार की नीतियों और मतदाता सूची में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ जनता में जागरूकता फैलाना और आगामी चुनावों में विरोध दर्ज कराना है।

यह अभियान चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा

दीपक बैज ने बताया कि यह अभियान पार्टी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा है। कार्यक्रम के माध्यम से न केवल जनता के बीच संदेश पहुंचाया जाएगा, बल्कि भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियों को उजागर करने का अवसर भी मिलेगा। अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र की सुरक्षा और मतदाता अधिकारों की रक्षा करना है।

Exit mobile version