DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

121 सीटों पर वोटिंग खत्म, 5 बजे तक 60.13% मतदान:सबसे ज्यादा बेगूसराय में 67.32%, शेखपुरा में सबसे कम 52.36% वोटिंग

पटना,एजेंसी।बिहार विधानसभा चुनाव के पहले फेज की वोटिंग खत्म हो गई है। सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक 60.13 फीसदी वोटिंग हुई है। बेगूसराय में सबसे ज्यादा 67.32% और शेखपुरा में सबसे कम 52.36% ‌वोटिंग हुई। वहीं राजधानी पटना में 55.02% मतदान हुआ।

अतिसंवेदनशील 56 बूथों पर शाम 5 बजे तक ही वोटिंग हुई। बिहार में शहरी वोटर में वैसा उत्साह नहीं दिखा। 121 सीटों में से 3 सीट पर सबसे कम वोटिंग देखी जा रहीं है। राजधानी पटना के शहरी क्षेत्र कुम्हरार में 39.52 फीसदी, दीघा में 39.10 फीसदी और बांकीपुर में 40 फीसदी मतदान हुआ।

पहले फेज की वोटिंग खत्म होने के साथ ही 18 जिलों की 121 सीटों पर आज 1314 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद हो गई। इनमें 104 सीटों पर सीधा मुकाबला है, जबकि 17 सीटों पर त्रिकोणीय लड़ाई है। बिहार की 243 सीटों पर 2 फेज में चुनाव हो रहे हैं। 14 नंवबर को नतीजे आएंगे।

पहले फेज में 2 डिप्टी सीएम समेत 18 मंत्रियों की साख दांव पर है। 10 हॉट सीटें हैं। जिसमें तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, अनंत सिंह समेत कई बड़े चेहरे हैं।

पहले फेज की 12 बड़ी घटनाएं

  • लखीसराय: डिप्टी CM की गाड़ी पर हमला हुआ। राजद MLC अजय सिंह से भिड़े विजय सिन्हा।
  • पटना: मनेर में ID चेक करने पर RJD उम्मीदवार भाई वीरेंद्र ने दरोगा को धमकाया। कहा- यहीं आग लगा देंगे।
  • वैशाली- RJD उम्मीदवार रविंद कुमार सिंह के भड़काने पर लोगों ने CAPF जवानों पर पत्थर फेंके।
  • दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में पोलिंग एजेंट को धमकी मिली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस पर पथराव हुआ। 2 हिरासत में।
  • सारण: जैतपुर में मांझी सीट से CPI प्रत्याशी सत्येंद्र कुमार की गाड़ी पर ईंट-पत्थर, लाठी से हमले किए गए।
  • लखीसराय: बूथ कैप्चरिंग की खबर पर SP मौके पर पहुंचे। 1 घंटे पुलिस ने गांव में फ्लैग मार्च किया।
  • 10 जिलों में EVM में खराबी आई। वैशाली के लालगंज में लगे वोट चोरी के नारे। इस दौरान मतदान भी रुका।
  • पटना: पटना साहिब के बूथ नंबर 238 पर विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव से मतदान कर्मियों की बहस हो गई।
  • सीवान, दरभंगा और मुजफ्फरपुर के 8 बूथों पर मतदान का बहिष्कार किया है। सीवान, दरभंगा में सड़क की मांग थी। मुजफ्फरपुर में श्मशान की। नालंदा के 3 बूथों पर एक भी वोट नहीं पड़ा।
  • नालंदा: बिहारशरीफ में मतदान के दौरान पुलिस ने 4 बीजेपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि ये बूथ के पास पर्ची बांट रहे थे।
  • मुंगेर: नक्सल प्रभावित भीमबंद गांव में 20 साल बाद पहली बार हुआ मतदान।

Exit mobile version