बिहटा, पटना,एजेंसी। देश में पहली बार मोबाइल एप से वोटिंग हो रही है। बिहार के 26 जिलों की 42 नगर पालिकाओं के उपचुनाव हो रहे हैं। इसमें छह नगर पालिकाओं में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर ई-वोटिंग हो रही है।
यह प्रोजेक्ट वोटिंग सेंटर्स तक पहुंचने में असमर्थ लोगों को आसानी से वोटिंग कराने के लिए किया गया है। वोटिंग के लिए दो ऐप लॉन्च किए गए हैं।
यह सुविधा लेने के लिए पहले से रजिस्ट्रेशन कराना था। चुनाव आयोग के अनुसार ई-वोटिंग के लिए 50 हजार से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक ई-वोटिंग हुई। दुबई, कतर जैसे देशों में रह रहे प्रवासी बिहारियों ने भी ऐप के जरिए वोटिंग की।
मोतिहारी की विभा ने एप से पहला वोट डाला, जिससे वह देश की पहली ई-वोटर बन गई हैं।
1 बजे 80% से ज्यादा ई वोटिंग हुई है, जबकि 35% लोगों ने बूथ पर जाकर वोट डाला है।
136 सीटों के लिए वोटिंग हो रही है
बिहार में आज 6 नगर निकाय की 136 सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। इसमें 3 नगर निकायों का कार्यकाल पूरा होने पर मतदान हो रहा है। जबकि बाकी जगह पर उपचुनाव हो रहा है।
- पटना जिले में तीन नगर पंचायत नौबतपुर, बिक्रम, खुसरुपुर में कार्यकाल पूरा हुआ है। तीनों में चुनाव हो रहा है।
- नौबतपुर में 17 पदों के लिए वोटिंग हो रही है। जिसमें 15 वार्ड पार्षद, एक मुख्य पार्षद, एक उप मुख्य पार्षद है।
- बिक्रम में 16 सीटों के लिए मतदान हो रहा है, जिसमें 14 वार्ड पार्षद, एक मुख्य पार्षद और एक उप मुख्य पार्षद हैं।
- खुसरूपुर में 10 वार्ड हैं, जिनके लिए चुनाव हो रहा है। इसमें 10 पार्षद, एक मुख्य पार्षद के पद हैं।
