DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

वक्फ बोर्ड के सदस्य सरवर ने कोरबा में वक्फ की संपत्तियों का किया निरीक्षण

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज के निर्देश पर बोर्ड के सदस्य फैजान सरवर खान ने कोरबा िजला के प्रमुख वक्फ परिसरों जामा मस्जिद, मदरसा दारुल उलूम यतीमखाना व मस्जिद गरीब नवाज का दौरा कर वहां की संपत्तियों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित ओहदेदारों व दुकानदारों के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी की।

निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि कई दुकानदार समय पर किराया जमा नहीं कर रहे हैं और अधिकांश दुकानों का किराया वर्तमान बाजार दर के अनुसार अत्यंत कम है। फैजान सरवर खान ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी दुकानदार समय पर किराया अदा करें, जिससे कि वक्फ संपत्तियों की आमदनी में इजाफा हो सके और उसे यतीमों, गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए उपयोग में लाया जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उन दुकानदारों को चिन्हित किया जो वर्षों से किराया नहीं दे रहे थे।

ऐसे दुकानदारों से संवाद कर उन्हें आगामी एक माह में 3 किस्तों में संपूर्ण बकाया किराया अदा करने के लिए इकरारनामा भरवाया। इसके अलावा, जामा मस्जिद परिसर की दो दुकानों को लेकर मिली शिकायत की जांच भी की गई। जिसमें आरोप था कि मस्जिद कमेटी द्वारा ये दुकानें बेची गई हैं। जांच के दौरान संबंधित दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी दुकान नहीं खरीदी है, बल्कि प्रारंभ से ही किरायेदार हैं।

Exit mobile version