DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बांगो बांध में जल स्तर में हो रही वृद्धि , जलस्तर 93 प्रतिशत पहुंचा

आंशिक रूप से खोला जा सकता है बांगो जलाशय का गेट

कोरबा, 02 सितम्बर 2026। मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय में लगातार बारिश के कारण पानी की आवक में अचानक वृद्धि हुई है। आज सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे के बीच बांध के जलस्तर में 14 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। आज शाम 4 बजे की स्थिति में बांध का जलस्तर 358.49 मीटर, (लगभग 93 प्रतिशत) है। बांध में पानी का इनफ्लो 38,230 क्यूसेक तथा आउटफ्लो 9,000 क्यूसेक दर्ज किया गया है।
मिनीमाता हसदेव बांगो बांध संभाग क्रमांक-03 माचाडोली के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि जलाशय में  पानी की आवक इसी दर से बनी रहने की स्थिति में आज शाम लगभग 7 बजे बांध का गेट आंशिक रूप से खोला जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर बांध से हसदेव नदी में पानी प्रवाहित किया जाएगा। जलाशय के जलस्तर और पानी की आवक पर विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने हसदेव नदी के किनारे एवं बाढ़ क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों, खनिज खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों एवं संबंधित संस्थानों से अपनी चल-अचल परिसंपत्तियों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की अपील की है। नागरिकों को नदी एवं बाढ़ क्षेत्र के आसपास जाने से बचने और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।
बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति में हसदेव नदी के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा एवं सिरकीकला सहित संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में चेतावनी की मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यपालन अभियंता ने स्पष्ट किया है कि आकस्मिक बाढ़ से होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए जल संसाधन विभाग उत्तरदायी नहीं होगा। उन्होंने आम नागरिकों से सतर्क रहने एवं आपात की स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Exit mobile version