जांजगीर। जिले में आगामी रबी सीजन के लिए सिंचाई कार्यक्रम का निर्धारण करते हुए जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक 11 नवंबर 2025 को कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने की। बैठक में विधायक जांजगीर-चांपा ब्यास कश्यप, विधायक पामगढ़ शेषराज हरबंश, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, गुलाब सिंह चंदेल, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, दिनेश शर्मा, संदीप तिवारी, दुष्यंत सिंह, कोमल पटेल सहित अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, उप संचालक कृषि, उप प्रबंधक बीज निगम तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में समिति के सचिव और कार्यपालन अभियंता हसदेव नहर जल प्रबंध संभाग जांजगीर ने बताया कि नहर मरम्मत कार्य प्रगतिरत क्षेत्रों में पानी मरम्मत पूर्ण होने के बाद ही दिया जाएगा। विशेष रूप से बायीं तट नहर प्रणाली और दांयीं तट नहर प्रणाली की अकलतरा शाखा नहर के 32 कि.मी. (ग्राम पामगढ़) के नीचे पानी पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं, जांजगीर शाखा नहर प्रणाली के अंतर्गत मुड़पार शाखा नहर के 8 कि.मी. (ग्राम सेमरा) तक तथा नवागढ़ शाखा नहर के 16 कि.मी. (ग्राम खैरताल) तक सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में उपस्थित कृषकगण को जानकारी दी गई कि रबी सिंचाई हेतु प्रस्तावित गांवों और रकबा की सूची जल संसाधन विभाग के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। इसके साथ ही सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रबी सिंचाई का पानी 5 जनवरी 26 से 20 अप्रैल 26 तक उपलब्ध कराया जाएगा।
इस दौरान निस्तारी के लिए तालाबों को भरने के लिए भी पानी दिया जाएगा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कृषि विभाग और बीज निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल संसाधन विभाग द्वारा प्रस्तावित रकबे के अनुसार रबी सीजन की तैयारी पूर्ण करें और किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि सिंचाई की सही योजना और समयबद्ध वितरण से किसानों को फसल उत्पादन में लाभ मिलेगा और कृषि गतिविधियों में व्यवधान नहीं आएगा। बैठक के दौरान सभी अधिकारियों और कृषक प्रतिनिधियों ने रबी सिंचाई कार्यक्रम की प्रभावी योजना बनाने और समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। बैठक का समापन कलेक्टर के धन्यवाद ज्ञापन और कृषि विकास में सहयोग के आह्वान के साथ हुआ।
