कोरबा ।कोरबा में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। मंगलवार को उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। वहीं, मैदानी इलाके में आकाशीय बिजली की गर्जना भी हुई है। शहरी और ग्रामीण इलाकों में अधिकांश जगह बिजली बंद रही।
मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और सरगुजा सहित 11 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले 48 घंटों में 10 जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
शहर में डेढ़ घंटे की बारिश से अलग-अलग इलाकों में जल भराव की स्थिति भी बन गई। नाले का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस आया।

नाले का गंदा पानी लोगों के घरों में घुसा
5 जून से पहले मानसून की दस्तक
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 5 जून से पहले मानसून के आगमन की उम्मीद है। कोरबा जिले का तापमान हाल ही में 47 डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया था।
शहर के मेन चौक चौराहों में जलभराव देखने को मिला।
सड़कों में पानी भरने से लोगों की बढ़ी परेशानी
बारिश ने नगर निगम की कार्यप्रणाली की कमियां उजागर कर दी हैं। राजेंद्र प्रसाद नगर कॉलोनी में नालियों का पानी सड़कों पर बह रहा है। लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
गंदा पानी घरों में घुस रहा है। जिला मेडिकल कॉलेज के सामने अतिक्रमण के कारण जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
