कोरबा। हाल ही में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राज्य मुख्यालय द्वारा बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कब बुलबुल उत्सव और चतुर्थ चरण एवं हीरक पंख शिविर में कोरबा जिले के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 2 से 5 अगस्त तक चले इस आयोजन में कोरबा सहित कुल 15 जिलों से लगभग 400 कब और बुलबुल ने हिस्सा लिया। कोरबा जिले से 44 प्रतिभागी और 5 स्टॉफ सदस्यों का दल इस आयोजन में शामिल हुआ।
ये प्रतिभागी कोरबा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला कचांदी, भटगांव, सराईपाली, बासीन और पोड़ी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला नानलेपरा, सैला एवं आदिवासी कन्या आश्रम से आए थे। नमिता कड़वे ने जिला दल की प्रभारी के रूप में नेतृत्व किया, जबकि नोहर चन्द्रा, राजकुमार वैष्णव, आसमा कुरैशी, सविता लता और ललिता पाण्डेय सह-प्रभारी के तौर पर शामिल हुईं। शिविर का उद्घाटन बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी ने किया, जिसकी अध्यक्षता राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव ने की। इस मौके पर राज्य सचिव कैलाश सोनी और राज्य संगठन आयुक्त विजय यादव भी उपस्थित थे।
समापन समारोह में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि रहे। शिविर का संचालन राज्य प्रशिक्षण आयुक्त शैलेन्द्र मिश्रा ने किया। इस शिविर में कब और बुलबुल ने विभिन्न रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ कई प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया। बच्चों ने रोचक खेलों का आनंद लिया और अपनी कल्पनाशक्ति तथा प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। डॉ. सोमनाथ यादव ने इस आयोजन को बच्चों के बहुआयामी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। यह भी विशेष रहा कि इनमें से ज्यादातर प्रतिभागी पहली बार किसी बड़े राज्य स्तरीय आयोजन में शामिल हुए थे।
