रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट सत्र के दौरान साय मंत्रिमंडल के विस्तार का मुद्दा उठा। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने पूछा मूणतजी ये बता दीजिए कि आप मंत्री कब बन रहे हैं। सवाल सुनते ही सदन में मौजूद कांग्रेस विधायकों ने कमेंट किया…2047 तक…ये सुनकर सदन ठहाकों से गूंज उठा।
इस दौरान कांग्रेस विधायकों का कमेंट सुनकर डॉक्टर रमन सिंह भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। हंसी मजाक के अलावा मंगलवार को विधानसभा में खूब बवाल भी हुआ। महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि में 500 रुपए की कटौती पर हंगामा हो गया।
विधानसभा में सरकार की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वीकार किया कि महतारी वंदन योजना का पैसा 500 रुपए काट कर दिया जा रहा है। किन-किन मुद्दों पर विधायकों ने सरकार से सवाल किए और कैसे बवाल हुआ ? पढ़िए इस रिपोर्ट में….

महंत को घेरते हुए मूणत ने कहा कि आप लोगों ने काम नहीं किया, ये सुनकर कांग्रेसियों ने मंत्री पद को लेकर हंसी मजाक शुरू कर दी।
अब जानिए सदन में कैसे कांग्रेसियों के रडार पर आए मूणत ?
दरअसल, राजेश मूणत साय मंत्रिमंडल में मंत्री बनाए जा सकते हैं, इसकी चर्चा है। ये बात सदन में भी उठी, लेकिन मजाकिया अंदाज में। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी आंगनबाड़ी को लेकर अपना सवाल करके बैठे। इतने में महतारी वंदन योजना को लेकर सवाल पूछने चरणदास महंत खड़े हुए।
महंत को देखकर मूणत ने कहा कि क्षमा याचना के साथ आप यहां पर बैठते थे। वो भी मंत्री थे (उमेश पटेल) तो अगर उस समय आप जनता के वादे पूरे किए होते, काम किए होते तो यह स्थिति तो नहीं बनती। इस पर महंत ने कहा कि तो फिर आप वहां पर कैसे बैठते। इधर से उधर कैसे पहुंचते ये कहकर महंत मुस्कुराए।
ये बातचीत हो ही रही थी कि कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने पूछ लिया कि मूणतजी ये बता दीजिए कि आप मंत्री कब बन रहे हैं। इतने में सदन में मौजूद कांग्रेस विधायकों ने कमेंट किया… 2047 तक… ये सुनकर सभी हंसने लगे।
मूणत 2047 तक मंत्री बनेंगे कांग्रेसियों की ओर से आए इस कमेंट को सुनकर डॉ रमन भी हंसने लगे।
अब जानिए महतारी वंदन योजना पर क्यों मचा बवाल ?
कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने पूछा कि जो महिलाएं 60 साल के ऊपर हैं, शादीशुदा हैं या परित्यक्ता हैं। वो महतारी वंदन योजना की हितग्राही हैं, तो उनको जो पेंशन मिल रही है, उसे काट रहे हैं या महतारी वंदन से 500 कम करके दे रहे हैं, क्या सही है?
मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने जवाब दिया- जो 60 साल से ऊपर की आयु की महिलाएं हैं, उनका पेंशन नहीं काटा जा रहा है। उनको अंतर की राशि दी जा रही है।
उमेश पटेल ने पूछा कि मतलब महतारी वंदन योजना के 1 हजार नहीं दे रहे हैं न, अंतर की राशि कितनी है ?
मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि जी अंतर की राशि 500 रुपए है। उन्हें काटकर 500 रुपए ही दे रहे हैं।
उमेश पटेल ने महतारी वंदन योजना के रुपए काटकर देने की बात कही। इसके बाद सदन में जमकर बवाल हुआ।
मंत्री से जवाब मिलने पर उमेश पटेल ने कहा कि तो ये सरासर धोखा है, भाजपा ने घोषणापत्र में सभी को 1 हजार देने की बात कही। आज जो महिलाएं सबसे ज्यादा जरूरतमंद हैं, जिनको सबसे ज्यादा आवश्यकता है। छत्तीसगढ़ में, अगर किसी की सेवा करने की आवश्यकता है तो बुजुर्ग महिलाओं की है। आप उन बुजुर्ग महिलाओं को पैसे काटकर दे रहे हैं। यह तो सीधा-सीधा छलावा है। इसे मुद्दे को लेकर कांग्रेस विधायकों ने हंगामा कर दिया।
महिलाओं का अपमान नहीं करेंगे, भाजपा ने छलावा किया ऐसे नारे लगाते हुए कुछ देर के लिए कांग्रेसी विधायक बाहर चले गए।
वहीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आप लोग सरकार में थे, तब तो कुछ किया नहीं। आप लोगों ने विधवा महिलाओं को पैसे देने का वादा किया था, कुछ नहीं हुआ। हमारी सरकार ने कम समय में महिलाओं को राशि दी है। ये सुनने के बाद सदन से विधायकों ने वॉकआउट कर दिया।
महतारी वंदन योजना पर पूछे गए सवालों में लक्ष्मी राजवाड़े घिरती हुई दिखाई दीं।
