DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

Why Market is Down Today: शेयर बाजार में हड़कंप, सेंसेक्स 999 अंक टूटा, क्यों आई बड़ी गिरावट?

मुंबई, एजेंसी। भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट देखने को मिली। शुक्रवार (24 अप्रैल) को BSE Sensex 999.79 अंक गिरकर 76,664.21 के स्तर पर आ गया। निफ्टी में भी 275.10 अंक की गिरावट रही, ये 23,897.95 के स्तर पर बंद हुआ। 

बाजार की इस गिरावट से निवेशकों को 4.90 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हो गया। गुरुवार, 23 अप्रैल को मार्केट बंद होने पर सेंसेक्स पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4,66,39,864.88 करोड़ रुपए रहा था। शुक्रवार को बाजार बंद होने पर यह घटकर 4,61,49,758.18 करोड़ रुपए पर आ गया यानि कि 4,90,106.7 करोड़ रुपए की कमी।

इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 852 अंक और निफ्टी 205 अंक गिरकर बंद हुए थे, जिससे बाजार पर लगातार दबाव बना हुआ है। 

गिरावट की प्रमुख वजहें

1. कच्चे तेल में तेजी

अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर वार्ता रुकने से वैश्विक तनाव बढ़ा है। इसके चलते ब्रेंट क्रूड बढ़कर करीब 105.97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है, जो 100 डॉलर के पार बना हुआ है।

2. रुपए में कमजोरी

डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार पांचवें सत्र में कमजोर हुआ है। यह 24 पैसे टूटकर 94.25 प्रति डॉलर पर आ गया, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ा।

3. वैश्विक बाजारों में कमजोरी

अमेरिकी बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए। एशियाई बाजारों में भी बिकवाली दिखी, हालांकि कुछ इंडेक्स जैसे निक्केई और ताइवान वेटेड में हल्की बढ़त रही।

4. विदेशी निवेशकों की बिकवाली

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने गुरुवार को 3,254 करोड़ रुपए से अधिक की बिकवाली की, जिससे बाजार में और दबाव बढ़ा।

5. बढ़ती अस्थिरता

बाजार की अस्थिरता मापने वाला India VIX 3.5% बढ़कर लगभग 19.2 पर पहुंच गया, जो निवेशकों की बढ़ती सतर्कता को दर्शाता है। 

Exit mobile version