कोरबा। कोरबा जिले के जटगा चौकी में रावा मुख्य मार्ग पर सोमवार रात सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक महिला और नौ वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी।
मृतकों की पहचान ग्राम बरीउमराव निवासी (35) कुंती बाई और मनीषा कुमारी (9) के रूप में हुई है। वे गांव के ही एक बाइक सवार के साथ चौथिया बारात (शादी के बाद की रस्म) से अपने घर लौट रही थीं। रावा मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

आरोपी ड्राइवर भाग निकला
घटना के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। इस हादसे में घायल एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद बाइक चला रहा युवक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात भारी वाहन का पहिया महिला और बच्ची के सिर पर चढ़ गया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर घटनास्थल से भाग निकला।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी वाहन और चालक की तलाश कर रही है।
