सक्ती। सक्ती पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला को ब्लैकमेल कर 8 से 9 लाख रुपए ठगने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला के वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट वायरल करने की धमकी देकर यह राशि वसूली थी। यह मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 9 मार्च 2026 को सक्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसकी पहचान ‘जीवन साथी’ ऐप के जरिए उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी अंकित तिवारी (33) से हुई थी। अंकित ने खुद को शादी का इच्छुक बताया और महिला के साथ उसके बेटे को अपनाने का भरोसा दिलाया था।

आरोप है कि आरोपी अंकित तिवारी ने धीरे-धीरे महिला का विश्वास जीता। इसके बाद उसने वीडियो कॉल के दौरान महिला के स्क्रीनशॉट ले लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने यूट्यूब और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीरें साझा करने की धमकी दी थी।
ब्लैकमेल कर पीड़िता से 9 लाख रुपए वसूल लिए
पीड़िता ने डर के कारण पहले 5 से 7 लाख रुपए दिए। बाद में लगातार दबाव बनाकर आरोपी ने कुल 8 से 9 लाख रुपए वसूल लिए। जब महिला ने और पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने उसे और अधिक धमकाना शुरू कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 308(5) और 338 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन कर आरोपी की तलाश की गई।
पुलिस ने आरोपी को कानपुर से पकड़ा
सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित गंगापुर कॉलोनी, यशोदा नगर में दबिश दी। वहां से आरोपी अंकित तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
