DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

चलती ट्रेन में महिला ने दिया बच्चे को जन्म:रायपुर में यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की सूझबूझ से बची दो जिंदगियां, मां-नवजात दोनों सुरक्षित

रायपुर/जांजगीर। हैदराबाद के महबूबनगर से चांपा जा रही ट्रेन नंबर 12251 वैनगंगा एक्सप्रेस में रविवार को सफर कर रही एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा हुई। उसने चलती ट्रेन में ही एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। अब मां और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

दरअसल, 25 वर्षीय अंकिता कुमारी अपने पति दिनेश कुमार के साथ हैदराबाद से चांपा जा रही थीं। वे स्लीपर कोच S-2 में सफर कर रहे थे। दुर्ग स्टेशन पार करने के बाद अचानक दर्द शुरू होने पर कोच में मौजूद यात्रियों ने ट्रेन के टीटीई ईशांत शर्मा को इसकी जानकारी दी।

उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी रेलवे प्रशासन को सूचना देने के साथ ही सह-यात्री महिलाओं ने डॉक्टर्स के आने से पहले ही सुरक्षित प्रसव कराने में बड़ी भूमिका निभाई।

सभी विभागों ने तालमेल दिखाया

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे हॉस्पिटल रायपुर, स्टेशन वाणिज्य अधीक्षक एम.एस. राजा, स्टेशन मास्टर एन.के. साहू, मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, यात्री गाड़ी नियंत्रण कार्यालय और स्टेशन टीटीई संजीत कुमार को अलर्ट किया गया। सभी विभागों ने समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई की।

रायपुर स्टेशन पर डॉक्टरों ने संभाला मोर्चा

जैसे ही ट्रेन रायपुर स्टेशन पहुंची, वाणिज्य अधीक्षक एम.एस. राजा स्टेशन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रेलवे अस्पताल की डॉ. बिजोया और नर्स दीपमाला ने महिला और नवजात की जांच की। महिला के पति की सहमति के बाद मां और नवजात को सुरक्षित ट्रेन से उतारकर एम्बुलेंस के जरिए मेकाहारा अस्पताल भेजा गया।

मां और बच्चा दोनों स्वस्थ

रायपुर मेकाहारा के डॉक्टर्स ने भी जांच के बाद बताया कि, मां और नवजात शिशु दोनों की स्थिति सामान्य है। रेलवे प्रशासन, सह-यात्रियों और मेडिकल टीम के बीच बेहतर समन्वय के कारण यह प्रसव सफल रहा। अंकिता कुमारी- दिनेश कुमार के परिवार ने रेलवे स्टाफ और मदद करने वाले लोगों का आभार जताया है।

Exit mobile version