DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

महिला ने फांसी लगाई,मौत से पहले बहनों को भेजा वीडियो:दीवार पर लिखा-मेरी मौत के लिए बहू और उसके मायके वाले जिम्मेदार, लगाया प्रताड़ना का आरोप

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा के लक्ष्मणबंध इलाके में 40 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले महिला ने अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाया और उसे अपनी बहनों को भेजा था। इसके अलावा कमरे की दीवार पर एक सुसाइड नोट भी लिखा मिला है।

इसमें उसने अपनी बहू पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और अपनी मौत के लिए उसे जिम्मेदार बताया है। महिला ने दीवार पर सुसाइड नोट में लिखा- पूर्णिमा और उसकी मायके वाले मेरी मौत का कारण है। मेरे पति का कोई हाथ नहीं है। मेरे बच्चे को मेरे पति के हाथ सौंप कर जा रही हूं।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, मृतक महिला का नाम लक्ष्मी मानिकपुरी (40) है और वह लक्ष्मणबंध में रहती थी। उसका मायका आरामशीन पारा बस्ती में है। परिवार वालों के मुताबिक, कोरोना काल में लक्ष्मी के पहले पति की मौत हो गई थी। उसके दो बेटे हैं।

पहले पति की मौत के बाद लक्ष्मी ने 13 जून 2025 को कार्तिक दास से दूसरी शादी की थी। यह शादी सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार भवन में हुई थी। कार्तिक दास ठेकेदारी का काम करते हैं। उनकी भी पहली पत्नी से भी दो बेटे हैं।

घर में चल रहा था पारिवारिक विवाद

परिवार के अनुसार, लक्ष्मी के घर में कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। उसका अपनी बहू पूर्णिमा महंत से अक्सर विवाद होता था। पूर्णिमा का पति संजय दास एक निजी कंपनी में काम करता है। उसका भी करीब 3 साल का बेटा है।

बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले घर में पति, बहू और बेटे के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान कहासुनी काफी बढ़ गई थी। इस विवाद का एक वीडियो भी सामने आया है।

वीडियो में महिला का पति और सौतेले बेटे के साथ हुआ विवाद

वहीं महिला का उसके पति और सौतेले बेटे के बीच विवाद का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में महिला पहले पति के बेटे और बहू पर प्रताड़ना का आरोप लगा रही है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि विवाद के दौरान महिला ने सुसाइड करने की बात कह रही है और वहां मौजूद अपने बच्चों से कमरे से चले जाने के लिए कहा।

इस पर बड़ा बेटा बोलता नजर आ रहा है- हम लोग हैं न मम्मी, ऐसा क्यों कर रही हो। ठंडे दिमाग से काम लो। वहीं मौजूद छोटा बेटा रो रहा है और अपनी मां को मनाने की कोशिश कर रहा है।

वहीं, लक्ष्मी के परिजनों का कहना है कि इस विवाद से लक्ष्मी काफी दुखी थी। इसके बाद 27 अगस्त को उसने फंदा बनाकर फांसी पर झूल गई। फांसी लगाने से पहले उन्होंने अपने मोबाइल से वीडियो बनाया और अपनी बहनों को भेजा था।

कमरे की दीवार पर लिखा मिला सुसाइड नोट

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे की जांच की तो दीवार पर हाथ से लिखा एक संदेश मिला। इसमें मृतिका ने अपनी बहू पूर्णिमा महंत को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतिका ने दीवार पर जो लिखा है, उसकी पुष्टि के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की मदद ली जाएगी।

पुलिस कर रही जांच

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि फांसी लगाने की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची थी। कमरे की दीवार पर लिखावट मिली है, जिसमें मृतिका ने अपनी बहू को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और लिखावट की जांच के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट को बुलाया जाएगा। इसके साथ ही घटना से जुड़े वीडियो और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version