कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ग्राम लोखाड़ा में एक महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। महिला का खून से लथपथ शव उसके घर से करीब 300 मीटर दूर ग्राम लोखाड़ा में मिला। महिला का पति काम के सिलसिले में राजस्थान गया हुआ है और वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने महिला पर हमला कर दिया और पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, FSL और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना पत्थर बरामद किया है। हत्या की वजह और आरोपी का अभी पता नहीं चला है। यह मामला पसान थाना क्षेत्र का है।

घर से 300 मीटर दूर मिला खून से सना शव
जानकारी के मुताबिक, ग्राम लैंगा की रहने वाली सुखमनिया एक्का का शव उसके घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर मिला। शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। ग्रामीणों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पसान पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। हत्या में इस्तेमाल किया गया रक्तरंजित पत्थर भी घटनास्थल से बरामद कर जब्त किया गया है।
FSL और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी, FSL और डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के इलाके में भी जांच कर रही है, ताकि हमलावर तक पहुंचने के लिए कोई सुराग मिल सके।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि ग्राम लोखाड़ा में एक महिला की हत्या की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में महिला के सिर पर पत्थर से वार करने की बात सामने आई है। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया रक्तरंजित पत्थर बरामद किया है।
पति राजस्थान में, घर पर अकेली थी महिला
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि सुखमनिया एक्का का पति फिलहाल घर पर नहीं है। वह काम करने के लिए राजस्थान गया हुआ है। महिला घर पर अकेली थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है कि हमलावर महिला के घर तक कैसे पहुंचा और हत्या के बाद शव को घर से कुछ दूरी पर क्यों छोड़ा गया।
फिलहाल हत्या की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस परिवार के लोगों और आसपास रहने वाले ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। महिला के जान-पहचान वालों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद साफ होगी मौत की वजह
पुलिस ने मृतका की पहचान के बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति और चोटों के बारे में और जानकारी सामने आएगी।
पुलिस फिलहाल अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और आरोपी तक पहुंचने के लिए टीम काम कर रही है।
